शहर में सर्दी की दस्तक के साथ चोर भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस की रात्रि गश्त के बावजूद चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। मंडोर थाना क्षेत्र में पन्नालाल गोशाला के सामने आदित्य नगर में एक बंद मकान में चोरी हो गई। परिवार 11 दिसंबर को शादी समारोह में गांव गया था। रविवार को लौटा तब घर के ताले टूटे दिखे। चोरों ने घर के अंदर का सारा सामान बिखेर दिया।
चोर पांच तोला सोना, करीब आधा किलो चांदी और 20-25 हजार की नकदी चुराकर ले गए। मंडोर थाने के सब-इंस्पेक्टर रामभरोसी ने बताया कि मूलत: इंद्रोका सूरसागर हाल पन्नालाल गोशाला के सामने आदित्य नगर निवासी हनवंत सिंह पुत्र भंवरसिंह खींची ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि परिवार में शादी होने पर वे परिवार सहित 11 दिसंबर को गांव इंद्रोका चले गए थे।
13 दिसंबर की दोपहर में लौटे तब घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। चोरों ने भीतर घुसकर अलमारी के बक्सों से सामान निकालकर बिखेर दिया और वहां से सोने की कानों की टोप्स जोड़ी, फिणियां, चेन सहित करीब पांच तोला सोना और आधा किलो चांदी के आइटम चुरा लिए। साथ ही घर में रखी 20-25 हजार की नकदी भी ले गए। पुलिस ने मौका-मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ