केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बुधवार काे काेटा में थे। सुबह वे शहीद स्मारक पर विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। वहां पहले से विजय दिवस पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे कर्नल रघुराज सिंह का गुस्सा मंत्री मेघवाल पर फूट पड़ा। उन्होंने मेघवाल को जमकर खरी-खोटी सुनाई, कर्नल रघुराज ने कहा कि नेता आते जाते रहते हैं, लेकिन वादे कभी पूरे नहीं करते।
वन रैंक, वन पेंशन नहीं मिलने से हर जवान को 5 से 7 हजार का नुकसान हो रहा है। कर्नल रघुराज ने कहा कि हमें आज तक वन रैंक वन पेंशन नहीं मिली, हम पिछले 5 साल से जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं, हड़ताल कर रहे हैं। मोदी सरकार ने हम पर लाठियां भी चलवाई हैं, उन्होंने मेडल तक वापस कर दिए, लेकिन फिर भी उनकी बात नहीं मानी जा रही है। जय जवान, जय किसान का नारा दिया जाता है, लेकिन आज किसान भी दुखी हैं और जवान भी दुखी हैं।
कर्नल रघुराज ने कहा कि जब फौज ही मजबूत नहीं है, फौज का मनोबल मजबूत नहीं है तो देश के दुश्मनों पर कैसे विजय मिलेगी। मंत्री मेघवाल ने कहा कि मैं जवानों को केवल बधाई देने आया हूं। इस पर कर्नल रघुराज सिंह ने कहा कि बधाई स्वीकार है, लेकिन इस पूरी बात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ