कुन्हाड़ी में भतीजे ने अपने सगे फूफा को इतना जोर से घूसा मारा कि उनकी मौत हो गई। फूफा जमीन पर सिर के बल गिरे और अंदरूनी चोट की वजह से मौत हुई। वारदात थर्मल चौराहे पर सोमवार देर रात हुई। पुलिस ने वारदात के तत्काल बाद भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। दोनों परिवारों में पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। सीआई गंगासहाय शर्मा ने बताया कि सकतपुरा चंबल कॉलोनी के रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग भावनाराम पुत्र नंदा मीणा आरोपी दिनेश मीणा (26) पुत्र मांगीलाल के सगे फूफा थे।
भावनाराम के छोटे बेटे का खुद की पत्नी से कुछ समय पहले झगड़ा हो गया था और वो उसे छोड़कर चली गई। भावनाराम के परिजन दिनेश मीणा पर लगाते हैं कि ऐसा उसकी वजह से हुआ। इस वजह से दोनों परिवारों में पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था और बातचीत बंद हो गई थी। मृतक भावानाराम और आरोपी दिनेश ऑटो रिक्शा चलाते हैं, जो सोमवार रात को करीब 11 बजे थर्मल चौराहे पर खड़े थे। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और हाथापाई हो गई।
इसी दौरान दिनेश ने भावानाराम पर डंडे से वार किया। फिर जोरदार घूसा मुंह पर मारा और भावानाराम सिर के बल जमीन पर उल्टे जा गिरे। वो गिरते ही बेहोश हो गए और सिर में अंदरूनी चोट की वजह से इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करके आरोपी दिनेश मीणा (26) पुत्र मांगीलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ