महापौर राजीव स्कूटी पर घूमे, देखी साफ-सफाई, अधिकारियों की मीटिंग लेकर सुधार के निर्देश दिए

नगर निगम कोटा दक्षिण के महापौर राजीव अग्रवाल नें बुधवार काे वार्ड नंबर 6 रंगबाड़ी एरिया में भाजपा पार्षद नितिन धारवाल के साथ स्कूटी पर घूमकर निरीक्षण किया। उसके बाद शाम काे निगम में सफाई अधिकारियाें की बैठक ली। वार्ड 6 में उन्हें कई जगह सफाई व्यवस्था में कमियां नजर आई। उसके बाद बैठक में उन्हाेंने स्पष्ट दिए कि दाेनाें ही पारियाें में सफाई हाेगी और कचरा भी उठाया जाएगा। हर कर्मचारी की बीट तय की जाए ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।

बैठक में महापौर अग्रवाल व आयुक्त कीर्ति राठौड़ ने सफाई महकमे के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम को देखते हुए सफाई कार्यों का समय दो पारियों में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक एवं दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। सफाई कार्मिकों की उपस्थिति सुबह 7 से 7.15 तक एवं दूसरी पारी की उपस्थिति दोपहर 2 बजे से 2ः15 बजे तक होगी। अनुपस्थित सफाई कार्मिकों की अनुपस्थिति लाल स्याही से दर्ज की जाएगी। वार्ड के सभी कर्मचारियाें का उपस्थित रजिस्टर एक ही रहेगा।

उन्होंने निर्देशित किया कि वार्ड में सम्बन्धित वार्ड पार्षद द्वारा सफाई निरीक्षण किए जाने के दौरान उन्हे अपने सम्बधित वार्ड का उपस्थिति रजिस्टर दिखाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीएसआई व एसआई अपने-अपने वार्डों में स्थाई कर्मचारियाें की बीट तैयार कर तत्काल हैल्थ ऑफिसर को उपलब्ध करवाएंगे। स्वास्थ्य निरीक्षक यह निश्चय करेंगे कि वार्ड में कार्यरत सभी कर्मचारी को बीट आवंटित हो। इसकी एक काॅपी सेक्टर कार्यालय पर चिपकाएं। एक काॅपी क्षेत्र के वार्ड पार्षद को उपलब्ध करवाएंगे। उन्होने निर्देश दिए कि एक वार्ड में एक ही जमादार अथवा कार्यवाहक जमादार नियुक्त किया जाए। इसके अतिरिक्त कोई पद पर सफाई कर्मचारी कार्य नहीं करेगा। सफाई से जुड़े सभी कर्मचारी फ्लोरोसेन्ट जाकिट पहनकर व संसाधन के साथ कार्य करेंगे। जिन 14 वार्डों में नए टिपर्स प्रायोगिक ताैर चलाए जा रहे हैं, उनकी प्रोपर मोनिटरिंग स्वास्थ्य निरीक्षक व जमादार द्वारा की जाए। सम्बन्धित स्वास्थ्य निरीक्षक निगम के लगाए गए टिपर्स का घर-घर कचरा संग्रहण कर रहे है या नहीं ये चैक करेंगे। वार्ड में कोई गली अथवा क्षेत्र नहीं छूटे। रूट चार्ट बनाकर 3 दिन में स्वास्थ्य अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।

दाेपहर 12 बजे और शाम 5 बजे तक उठाया जाए कचरा
उन्होने निर्देश दिए कि वार्ड में सभी कचरा पाइन्टो से कचरा पहली पारी में दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी पारी में शाम 5 बजे तक आवश्यक रुप से उठवाया जाए। साथ ही वार्ड में कहीं भी कचरा पडा हो उसको कचरा परिवहन के ठेकेदार से उठवाया जाए। उन्होने स्पष्ट किया कि वार्ड के सभी कचरा पाइन्टो के अलावा अन्य स्थानों पर पड़े कचरे को उठवाने की जिम्मेदारी कचरा परिवहन ठेकेदार की है।

शाम काे करवाएं नालियाें की सफाई
वार्डों में शाम के समय पुरुष सफाई कार्मिको से आवश्यक रूप से नालियां की सफाई करवाई जावे तथा स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक उपलब्ध नाला गैंग से 4-4 स्थाई कार्मिक सभी सेक्टर्स पर उपलब्ध करवाए जाने का प्रस्ताव तैयार करें।
सफाई के आवश्यक संसाधनों की एंट्री हाे
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य निरीक्षक स्थाई रुप से आवंटित सभी प्रकार के सामान हाथ ठेला, गेती, फावडा, पंजा, सब्बल आदि की सेक्टर पर स्टोक रजिस्टर में ऐन्ट्री करेंगे। सफाईकर्मी के साइन करवाकर ही सामान उपलब्ध करवाएगें।

कमर्शियल स्थानाें से प्राइवेट फर्म उठाएगी कचरा
महापौर व आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम कोटा दक्षिण के सभी सरकारी कार्यालय, निजी कार्यालय, कोचिंग सेन्टर, मैस, बैंक बीमा कार्यालय एवं हाेटल, मैस, रेस्टाेरेंट, दुकानाें से कचरा संग्रहण सुखपाल सिंह कन्स्ट्रक्शन के माध्यम से करवाया जा रहा है। अतः सभी स्वास्थ्य निरीक्षक इन सभी संस्थानों में कचरा संग्रहण के लिए की गई व्यवस्था के बारे में संस्था संचालकों से समझाइश करें। निगम द्वारा जारी नोटिसों को संचालकों से तामिल कराए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
महापौर राजीव स्कूटी पर वार्ड 6 की सफाई व्यवस्था देखते हुए।


टिप्पणियाँ