सभी जिला मुख्यालयों पर किया जा रहा है आयाेजन, मास्क व फिजिकल डिस्टेंसिंग का भी रखना हाेगा ध्यान

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड विभिन्न परीक्षाओं के सफल आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है। एनटीएसई के बाद अब 20 दिसंबर को बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा कक्षा-10, राज्य स्तरीय गणित एवं विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा कक्षा-12 एवं राज्य स्तरीय कला एवं वाणिज्य प्रतिभा खोज परीक्षा-2020 कक्षा-12 का आयोजन राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा में राजस्थान के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ ही केंद्रीय, पब्लिक, नवोदय, कॉन्वेन्ट, निजी, सरकारी व मॉडल स्कूलों के ऐसे विद्यार्थी शामिल होंगे जो सत्र 2020-21 में नियमित रूप से कक्षा-10 एवं कक्षा-12 में अध्ययनरत हैं। परीक्षा में काेराेना गाइडलाइन के तहत मास्क व फिजिकल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना हाेगा।


इस परीक्षा में प्रदेश के सरकारी विद्यालयों एवं राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद् की ओर से संचालित मॉडल स्कूल सहित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक कक्षा के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला वर्ग में न्यूनतम 80 प्रतिशत प्राप्तांक वाले प्रथम 50-50 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा की ओर से 11वीं और 12वीं के लिए हर माह 1250 रुपये तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा प्राप्त करने तक 2000/- प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। जिन परीक्षार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए इस परीक्षा की कक्षा 10 स्तर पर हो जाएगा, उन्हें फिर 12वीं कक्षा के स्तर की इस परीक्षा में फिर से शामिल नहीं होना होगा। इन्हें स्नातकोत्तर तक नियमित अध्ययन करने पर ही छात्रवृत्ति दी जाएगी।


एसटीएसई परीक्षा का पाठ्यक्रम कक्षा 10 के लिए कक्षा 9 व 10 तथा कक्षा 12 के लिए कक्षा 11 व 12 वीं के स्तर का होगा। यह परीक्षा एक ही दिन तीन सत्रों में होगी। प्रत्येक सत्र के बाद 30 मिनट का अंतराल होगा। प्रथम सत्र में बौद्धिक योग्यता परीक्षा, दूसरे सत्र में भाषा योग्यता परीक्षा तीसरे सत्र में शैक्षिक योग्यता परीक्षा होगी। प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में होंगे। दृष्टिबाधित लिखने में असक्षम परीक्षार्थियों को बोर्ड नियमानुसार श्रुति लेखक अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

राज्य प्रतिभा खोज परीक्षा के प्रवेश पत्र बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन्हें परीक्षार्थी अपने संस्था प्रधान के माध्यम से ही डाउनलोड करवा सकते हैं। प्रवेश पत्र की हार्डकॉपी का संबंधित संस्था प्रधान द्वारा प्रमाणीकरण आवश्यक है।
बोर्ड निर्देशों के अनुसार सभी विद्यार्थियों को कोविड-19 गाइडलाइन की पूर्णतया पालना करनी होगी। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रखा गया है।
भूपेश शर्मा, सहसंयोजक, जिला समान परीक्षा योजना माध्यमिक शिक्षा, श्रीगंगानगर

चयनितोंं को मिलेगा विशेष योग्यता प्रमाण पत्र
इस परीक्षा में 10वीं कक्षा और 12वीं कक्षा विज्ञान, वाणिज्य एवं कला वर्ग के राज्य स्तर पर योग्यता सूची में अलग-अलग 20-20 चयनित विद्यार्थियों में से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एकमुश्त राशि चार हजार रुपए तथा शेष 19 विद्यार्थियों को एकमुश्त राशि 2,000/ रुपए प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। जिन परीक्षार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं उनको स्कॉलर प्रमाण-पत्र तथा जिन परीक्षार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक एवं 90 प्रतिशत तक अंक प्राप्त किए हैं, उन परीक्षार्थियों को विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।10 वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की यह परीक्षा अलग-अलग ली जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Imaging, mask and physical distancing are being done at all district headquarters.


टिप्पणियाँ