गणेश निमंत्रण के बाद राजा जनक ने किया ठाकुर जी का तिलक, सगाई प्रसंग भी हुए

ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी चांदपोल बाजार में श्री राम जानकी विवाह महोत्सव का आगाज शुक्रवार को गणपति निमंत्रण के साथ हुआ। इसके बाद ठाकुर जी महाराज और सिया जी की बहन-बेटियों ने ठाकुर जी की आंदली भरी।

महंत राधेश्याम तिवारी के सानिध्य में ठाकुर जी का तिलक हुआ। प्रसंगानुसार राजा जनकजी ने ठाकुर जी का तिलक किया। इसके पश्चात सीता जी सगाई का प्रसंग हुआ। सभी प्रसंगों के दौरान ब्याह के दोहे.. रघुनन्दन बना सा, पूजो बिंदायक रिद्धि सिद्धी ब्याहका आज..राजा जनक जी की लाड़ली सिया बाई प्यारी की सगाई हें..सियाजी मेहंदी को छै माणिक रंग... तिलक चढ़ाए श्री निधि आजु, हे परमानंद आली...ब्रह्मा, विष्णु सब वेद पढ़त हैं तिलक शोभा रघुनंदन की..जैसे दोहे गाए गए।

शनिवार को राम जानकी विवाह महोत्सव में निकासी, बारात स्वागत, तोरण और पाणिग्रहण संस्कार के प्रसंग होंगे। भक्तगणों को केवल ऑनलाइन दर्शन ही होंगे। इस बार श्री ठाकुर जी की बारात जाट के कुएं स्थित हलकारा भवन से नहीं निकलेगी। कोरोना महामारी को देखते हुए इस वर्ष बारात की निकासी धूमधाम से करने की बजाय मंदिर परिसर में ही निकाली जाएगी।

इसमें बाहरी व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। श्री रामजानकी विवाह उत्सव के सभी मनोरथ जैसे नगर दर्शन, पुष्प वाटिका प्रसंग, धनुष यज्ञ, गौरी पूजन आदि पदों के माध्यम से ही मंदिर परिवार ही संपन्न कराए जाएंगे। विवाह उत्सव के विभिन्न नेकचार सात दिसंबर तक मनाए जाएंगे। सभी उत्सवों का समय 3 से 6 बजे तक रहेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ