बीएसएनएल के टॉवर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों रुपए के उपकरण जले

शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर स्थित बीएसएनएल के टॉवर में शनिवार की देर रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते टॉवर पर लगे एंटीना, केबल आदि अन्य उपकरण जलकर आग की भेंट चढ़ गए। हालांकि आग की लपटें करीब एक घंटे तक तक उठती रहीं, उसके बाद आग शांत हो गई।

हैरत की बात तो यह है कि जहां यह बीएसएनएल का टॉबर लगा है उससे महज 300 मीटर की दूरी पर ही नगर निगम का अग्निशमन केंद्र हैं, लेकिन दमकल विभाग को इसकी खबर तक नहीं लगी। संभवतया किसी ने अग्निशमन काे सूचना नहीं दी होगी। टॉवर में लगी आग के संबंध में जब रविवार सुबह बीएसएनएल के अधिकारियों को जानकारी हुई तो उन्होंने मौके पर जाकर मुआयना किया। बीएसएनएल के डिप्टी जनरल मैनेजर चुन्नीलाल वर्मा ने बताया कि जानकारी मिलने पर घटना स्थल का जायजा लिया है।

वहीं तकनीकी टीम को निर्देश दिए हैं कि वह जल्द ही इस बात की जानकारी जुटाए कि आग के कारण टॉवर में कौन-कौन से उपकर खराब हुए हैं। किन-किन उपकरणों की मरम्मत कराई जा सकती है और कौनसे उपकरण नए लगाए जाने हैं। ताकि जल्द ही टॉवर की मरम्मत कराई जा सके। वर्मा ने बताया कि हालांकि इस घटना से बीएसएनएल के उपभोक्तओं को उनके मोबाइल नेटवर्क मिलने आदि में कोई परेशानी नहीं आ रही है, क्योंकि आसपास के टॉवरों से उन्हें कनेक्टिविटी मिल रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भरतपुर। आग बुझने के बाद जला पडा बीएसएनएल का टॉवर।


टिप्पणियाँ