मुद‌्दा जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट में देरी व सफाईकर्मियों की कमी का था कांग्रेस पार्षदों की तालाबंदी व भाजपा की ताला-तोड़ी में सिमट गया

जन्म-मृत्यु व मैरिज सर्टिफिकेट जारी करने में अनावश्यक देरी व वार्डाें में आबादी के अनुपात में कम सफाई कर्मचारी हाेने की अव्यवस्था के विराेध में दक्षिण नगर निगम के कांग्रेस पार्षद दल ने गुरुवार को मुख्य गेट पर 2 घंटे सांकेतिक धरना देकर विराेध प्रदर्शन किया। फिर नारेबाजी करते हुए महापाैर वनिता सेठ काे ज्ञापन देने उनके कक्ष के बाहर पहुंचे ताे बताया कि महापाैर नहीं हैं।

इससे कांग्रेस पार्षद दल का गुस्सा फूट पड़ा और पार्षद दल नेता प्रतिपक्ष गणपतसिंह चाैहान के नेतृत्व में सभी महापाैर कक्ष के बाहर ही धरना देकर बैठ गए। कुछ देर नारेबाजी और महापाैर के खिलाफ प्रर्दशन के बाद कांग्रेसी पार्षदाें ने महापाैर के कक्ष के गेट पर ताला लगा दिया और ज्ञापन की काॅपी उनके गेट पर ही चस्पां कर दी।

इसके बाद वे आयुक्त (दक्षिण) डाॅ. अमित यादव से मिलने पहुंचे। इधर, अपराह्न साढ़े तीन बजे निगम पहुंचीं महापाैर को अपने कक्ष के बाहर ताला लगा मिला। पूछने पर बताया कि कांग्रेसी पार्षदाें ने ताला लगाया है।

महापाैर ने इस संबंध में आयुक्त (दक्षिण) से बातचीत कर ताला खुलवाने काे कहा, फिर वे ग्राउंड फ्लाेर पर पहुंचीं और वहां टेबल-कुर्सी लगाकर फरियादियाें की समस्याओं काे सुनकर उनके निराकरण के निर्देश भी दिए।

इसके बाद महापाैर ने जन्म-मृत्यु पंजीयन शाखा के ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियाें का माला पहनाकर स्वागत किया और लंबित आवेदनाें का तत्काल निस्तारण करने काे कहा। इसके बाद भाजपा पार्षद प्रदीप बेनीवाल व दीपक माथुर ने महापाैर कक्ष के गेट पर लगे ताले काे ताेड़ दिया। इस दौरान पार्षद रामस्वरूप प्रजापत के हाथ में चोट भी आई। इसके बाद महापाैर ने अपने कक्ष में बैठकर फरियादियाें की फरियाद सुनी।

नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस पार्षद दल और भाजपा पार्षदों के विविध घटनाक्रम देखने को मिले। कांग्रेस पार्षद दल ने पहले जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट मिलने में देरी और वार्डों में सफाईकर्मी कम होने को लेकर मेन गेट पर दो घंटे धरना प्रदर्शन किया।

फिर महापौर नहीं मिली तो आक्रोश में आकर उनके कक्ष के गेट पर ज्ञापन चिपकाने के साथ ही ताला लगा दिया। बाद में महापौर को ग्राउंड फ्लोर पर सुनवाई करते देख और उनके कक्ष पर ताला लगा होने का पता चलने पर भाजपा पार्षदों ने हथोड़े से ताला तोड़ दिया।

सर्वर और डाेंगल के कारण सर्टिफिकेट देने में देरी

निगम काे उत्तर व दक्षिण में बांटने के एक साल बाद भी निगम का ढांचा व्यवस्थित नहीं हाे पा रहा है। निगम में दाे-दाे आईएएस अफसराें और उनके साथ एक प्रशिक्षु आईएएस और 3 आरएएस के बावजूद स्थिति यह है कि ना ताे सफाई विंग काे 65 वार्डाें से बाहर निकाला जा सका और ना ही राजस्व, अतिक्रमण व सिविल विंग काे ही उत्तर-दक्षिण में विभाजित किया जा सका।

अफसराें की कार्यशैली का सीधा असर अब बाेर्ड मुखिया पर नजर आने लगा है। हालांकि कांग्रेस पार्षद दल के महापाैर की हठधर्मिता काे लेकर नाराज बताया गया, लेकिन बाेर्ड गठन हुए अभी एक माह ही हुआ है, ऐसे में बाेर्ड के मुखिया से नाराजगी समझ के परे है।

जनप्रतिनिधियाें काे कांग्रेस-भाजपा में नहीं बांटें : चौहान

दक्षिण निगम में कांग्रेस पार्षद दल के नेता गणपतसिंह चाैहान ने महापाैर पर आराेप लगाते हुए कहा कि वे जनप्रतिनिधियाें काे कांग्रेस-भाजपा में बांटकर काम नहीं करें। जनप्रतिनिधि बाेर्ड का ट्रस्टी है, ऐसे में सभी फैसले लेते समय भाजपा व कांग्रेस में काेई फर्क नहीं रखें। जन्म-मृत्यु व मैरिज सर्टिफिकेट व्यवस्था इतनी लचर हाे चुकी है कि जन्म-मृत्यु सर्टिफिकेट लेने वाले 10-15 दिन तक चक्कर काटते रहते हैं।

कभी डोंगल रखने वाला अफसर गायब ताे कभी सर्वर की दुहाई देकर सर्टिफिकेट नहीं बनने का झांसा। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, इसका प्रमुख कारण एक वार्ड का तीन से पांच वार्डाें में विभक्त हाेना और सफाई कर्मचारियाें काे वार्ड की आबादी के अनुपात में बंटवारा नहीं कर पाना है।

कांग्रेस पार्षद विकास में सहयाेग करें, बाधक नहीं बनें : वनिता

इधर, महापाैर वनिता सेठ का कहना है कि एक माह में जन्म-मृत्यु व मैरिज सर्टिफिकेट की व्यवस्था काफी पटरी पर आई है। पेंडेंसी भी काफी कम हो गई है। जहां तक सफाई विंग और वार्डाें की आबादी के अनुपात में सफाई कर्मचारियाें के बंटवारे के सवाल हैं ताे यह प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है।

सरकार ने चार दिन पहले ही दक्षिण निगम के आयुक्त काे यहां भेजा है। अभी वे यहां के पूरे सिस्टम काे समझ रहे हैं, जल्द ही समूचा सिस्टम सुधारा जाएगा। ऐसे में अचानक कांग्रेस पार्षद दल का विराेध प्रदर्शन और कक्ष पर ताला लगा देना उनकी हठधर्मिता काे ही उजागर करता है। फिर भी मेरा कांग्रेस पार्षद दल से निवेदन है कि वे संयम से काम करते हुए बाेर्ड काे सहयाेग करें न कि शहर के विकास में बाधक बनें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कांग्रेस पार्षदों ने पहले मेनगेट पर धरना दिया, फिर महापौर कक्ष के गेट पर ज्ञापन-ताला लगाया


टिप्पणियाँ