घर में घुसे चाेर जेवर ले भागे, पुलिस ताे नहीं आई, लेकिन दूसरे दिन दरवाजे पर पोटली में आभूषण छोड़ गए बदमाश
आपकाे यह जानकर आश्चर्य जरूर हाेगा कि पुलिस कार्रवाई शुरू होने से पहले चोरी गया माल वापस मिल गया। यह सब कैसे हुआ इसका खुलासा तो नहीं हो पाया, लेकिन एक घर से चोरी गए सभी सोना-चांदी के आभूषण दूसरे दिन चोर खुद पोटली में बांधकर लौटा गए। गृहस्वामी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि मौका मुआयना करने के लिए भी निकुंभ थाना पुलिस नहीं आई, लेकिन गृहस्वामी के दरवाजे पर पोटली में बंधे जेवर रखे मिले। मामला जंताई गांव का है।
पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट वापस उठा ली। जंताई गांव के कमलाशंकर पुत्र प्रेमचंद पुष्करणा ने 21 दिसंबर को सुबह थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसके घर में प्लास्टिक के डिब्बे में रखे सोने का मंगलसूत्र आधा तोला और चांदी के 20 तोला वजनी पायजेब 20 दिसंबर को चोरी हो गए। रात आठ बजे घरवाले पीछे की तरफ थे। चोर कमरे में रखे डिब्बे से जेवर चुरा ले गए। रिपोर्ट देने के बाद शाम तक भी पुलिस नहीं पहुंची। दूसरे दिन सुबह पांच बजे कमलाशंकर ने खेत पर जाने के लिए दरवाजा खोला तो दरवाजे के पास पीले कपड़े की पोटली दिखी। खोलकर देखा तो उसमें चोरी गए जेवर थे। कमलाशंकर ने यह बात घरवालों को बताई। सुबह दस बजे निकुंभ थाने पहुंचकर रिपोर्ट वापस ले ली।
पुलिस ने नहीं सुनी, लेकिन भगवान ने सुन ली
कमला शंकर पुष्करणा ने बताया कि चोरी गए जेवर के कारण परिवार दुखी था। चोरी की रिपोर्ट थाने में दी। भगवान से मन्नत मांगी। पुलिस तो नहीं आई लेकिन भगवान ने हमारी सुन ली। सुबह दरवाजा खोला तो चोरी गए जेवर एक पोटली में बंधे दरवाजे कर पास रखे मिल गए। सांवलियाजी जाकर दर्शन किए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ