राजस्थान में 1988 में जन्मी कृति शर्मा एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजिस्ट हैं। उनकी परवरिश जयपुर में हुई। चैटबॉट्स की उभरती इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाने वाली कृति वर्तमान में यूके की सबसे बड़ी टेक कंपनी सेज ग्रुप में बॉट डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
कृति ने यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट एंड्रयूज से इंजीनियरिंग में बैचलर्स और एडवांस्ड कम्प्यूटर साइंस में मास्टर्स करने के बाद बार्कलेज से अपने कॅरिअर की शुरुआत की और पिंगइट मोबाइल एप डेवलप किया जिसने आगे चलकर एप स्टोर बेस्ट ऑफ 2012 अवॉर्ड भी जीता।
डिजाइन किया पहला जेंडर न्यूट्रल एआई
2016 में कृति ने सेज ग्रुप जॉइन किया जहां उन्हें 6 मिलियन बिजनेसेज के मोबाइल प्रॉडक्ट्स को हेड करने का मौका मिला। यहां उन्होंने देखा कि रोजमर्रा के कामों में मदद के लिए बनाए गए अमेजन के एलेक्सा और एप्पल के सीरी की कोडिंग एक फीमेल के तौर पर की गई है जबकि बिजनेस के अहम निर्णय करने में मदद करने वाले आईबीएम के वॉटसन और सेल्सफोर्स के आइंस्टीन की कोडिंग मेल वॉइस में है।
इसे देखते हुए कृति ने एक जेंडर न्यूट्रल एआई डिजाइन किया। पेग नाम का बॉट एक वर्चुअल सीएफओ या एचआर हेड के तौर पर काम करता है। यह कॉन्सेप्ट लोगों को इतना पसंद आया कि लॉन्च होने के छह हफ्तों में ही इसका इस्तेमाल 85 देशों के लोग करने लगे थे।
फोर्ब्स, गूगल, अनीता बोर्ग इंस्टीट्यूट ने दिया सम्मान
टेक्नोलॉजी में कृति की रुचि बहुत कम उम्र में ही पैदा हो गई थी। वे 15 की उम्र में स्पेयर पार्ट्स का इस्तेमाल करके रोबाेट और कम्प्यूटर बनाने लगी थीं। टेक्नोलॉजी में अपने एनर्जी ऑप्टिमाइजेशन और एस्ट्रोफिजिक्स में इसके इस्तेमाल, मटीरियल साइंस, पॉलिमर और बायोइंफॉर्मेटिक्स रिसर्च के क्षेत्र में काम के लिए केवल 21 वर्ष की उम्र में कृति को राजीव गांधी साइंस फेलो के तौर पर चुना गया।
गूगल ने भी उन्हें कम्प्यूटर साइंस और डायवर्सिटी को प्रमोट करने की दिशा में काम करने के लिए गूगल इंडिया विमन इन इंजीनियरिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया है। इसके अलावा राजस्थान में लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान देने के लिए अनीता बोर्ग इंस्टीट्यूट का सिस्टर्स पास इट ऑन अवॉर्ड भी उन्हें मिल चुका है। इसके अलावा टेक्नोलॉजी में फोर्ब्स 30 अंडर 30 यूनाइटेड नेशंस यंग लीडर, रोल ऑफ ऑनर एफएफडब्ल्यूजी और फेलो ऑफ द रॉयल सोसाइटी ऑफ आर्ट्स जैसे सम्मान भी वे अपने नाम कर चुकी हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ