क्रिश्चियन गंज थाना इलाके स्थित लोहागल की मोरी गांव में सूने मकान से शातिर चाेराें ने दाे लाख रुपए कैश और करीब ढाई लाख रुपए के गहने सहित अन्य कीमती सामान पार कर दिया। मकान मालिक परिवार सहित 26 नवंबर बहन के घर मायरा भरने के लिए गए थे। जहां से चोर लगभग दो लाख रुपए की नगदी सहित करीब ढाई लाख रुपए के गहने चोरी करके फरार हो गए हैं मामले की शिकायत क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
मायरा भरने गए थे : वारदात के पीड़ित लोहागल स्थित मोरी गांव निवासी जगदीश नाथ ने बताया कि गत 26 नवंबर को वह अपनी बहन के यहां हुए शादी समारोह में मायरा लेकर गया था। पूरा परिवार उसकी बहन के ससुराल भूडोल गांव में मौजूद था। इस दौरान उनके मकान को ताला लगा हुआ था।
जगदीश नाथ का कहना है कि 26 नवंबर की रात ही अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़ा और मकान में प्रवेश कर लिया तथा मकान में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे 2 लाख रुपए चोरी कर लिए, जबकि अलमारी में ही रखे सोने चांदी के आभूषण जिनमें सोने का एक मंगलसूत्र सोने की दो रखड़ी एक सोने की चेन तथा एक सोने का हार और सोने की 3 अंगूठियां चोरी करके फरार हो गए।
सीसीटीवी में हुआ कैद : जगदीश नाथ ने बताया कि उनके मकान से थोड़ी आगे एक फैक्ट्री है, जिसके बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। इस सीसीटीवी कैमरे में एक अज्ञात युवक मकान में बार-बार घुसने और निकलने के दृश्य कैद हुए हैं। इस युवक के साथ कुछ और युवक भी होंगे जो सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सके।
थाने को दी शिकायत : जगदीश नाथ ने बताया कि वह कल जब अपनी बहन के ससुराल गांव भूडोल से वापस आया, तब उसे चोरी की वारदात का पता चल सका।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ