श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर में कांग्रेस तो अनूपगढ़-सादुलशहर में भाजपा बोर्ड बनना तय

जिले की सात नगरपालिकाओ में पालिकाध्यक्ष पद के लिए रविवार काे सुबह 10 से दाेपहर 2 बजे तक मतदान हाेगा। इसके तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घाेषित कर दिया जाएगा। रायसिंहनगर में पहले ही भाजपा के मनीष माेहन का निर्विराेध निर्वाचन हाे चुका है। दाेनाें दलाें ने पार्षदाें की बाड़ेबंदी की हुई है।


भास्कर ने बाड़ों में बंद पार्षदों से बात करके जाना कि किस पालिका में किस पार्टी का अध्यक्ष बनने के आसार हैं। अगर पार्षदों ने भितरघात नहीं की तो कांग्रेस के तीन बोर्ड बनने तय हैं। श्रीकरणपुर में कांग्रेस के रमेश बंसल, पदमपुर में रूबी मिगलानी व केसरीसिंहपुर में सुमिता रानी अध्यक्ष बन सकती हैं। वहीं, अनूपगढ़ में भाजपा की प्रियंका बैलाण, सादुलशहर में कांता खीचड़ अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हो सकती हैं। कड़े मुकाबले में गजसिंहपुर में कांग्रेस और श्री विजयनगर में भाजपा खेमा भारी पड़ रहा है। (चुनाव से पहले सादुलशहर में छापे पर राजनीति, हंगामा...)

सुबह 10 से दोपहर 2 बजे मतदान, ढाई बजे तक आएंगे नतीजे

श्रीकरणपुर: 25 पार्षद

पालिका चुनाव में कांग्रेस के 13 पार्षद व भाजपा के 4 पार्षद हैं। आठ वार्डाें में निर्दलीय निर्वाचित हुए हैं। फिलहाल कांग्रेस की बाड़ेबंदी में 17 पार्षद बताए गए हैं। चार निर्दलीय बाड़ेबंदी में नहीं हैं। बावजूद इसके कांग्रेस काे 18 से अधिक मत मिल सकते हैं। कांग्रेस ने दाे अलग-अलग जगह बाड़ेबंदी की है। विधायक गुरमीतसिंह कुन्नर खुद माॅनिटिरंग कर रहे हैं।

केसरीसिंहपुर: 20 पार्षद

कांग्रेस काे केसरीसिंहपुर में पूर्ण बहुमत मिला है। यहां कांग्रेस के 12 पार्षद हैं। कांग्रेस प्रत्याशी काे भाजपा से सीधे मुकाबले में निर्दलियाें का भी समर्थन मिलने के आसार हैं। वहीं दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष की दावेदारी काे लेकर भाजपा में शुरूआत में विराेध भी हुआ। भाजपा काे बहुमत मिलने की आसार नजर नहीं आ रहे। विधायक पुत्र रूबी की देखरेख में कांग्रेसी पार्षदाें की बाड़ेबंदी की गई है।

पदमपुर: 25 पार्षद

पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस 18 पार्टी पार्षदाें सहित 20 पार्षदाें की बाड़ेबंदी किए हुए है। भाजपा के पांच पार्षद ही जीते हैं। ऐसे में भाजपा कांग्रेस खेमे में सेंध लगाकर जीत-हार का कितना अंतर कम कर पाती है, यह देखना बहुत राेचक हाेगा। फिलहाल दाेनाें निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के साथ बताए जा रहे हैं। यहां कांग्रेस आसानी से बोर्ड बना लेगी।

सादुलशहर: 25 पार्षद

पालिकाध्यक्ष पद के लिए भाजपा व कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। भाजपा के यहां 12 व कांग्रेस के 7 व निर्दलीय 6 पार्षद हैं। भाजपा खेमे में 16 पार्षद बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद क्राॅस वाेटिंग से भी इनकार नहीं किया जा रहा। यदि भाजपा की ओर से क्राॅस वाेटिंग हाेती है ताे मुकाबला कांटे का भी हाे सकता है। शनिवार को मंडी में हुए हंगामे के बाद यहां भी मुकाबला रोचक हो गया है।

अनूपगढ़: 35 पार्षद

भाजपा ने 18 वार्डाेंं में जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं कांग्रेस काे महज 5 वार्डाें में ही सफलता मिली है। कांग्रेस की नजर निर्दलीयाें पर है। इसके बावजूद भाजपा की प्रियंका बैलाण के खेमे में 20 पार्षद बताए जा रहे हैं। राजनीतिक जानकाराें का कहना है कि प्रियंका बैलाण काे टक्कर देने के लिए अंतिम समय में कांग्रेस प्रत्याशी कमला व रमनदीप गुट एकजुट हाे सकता है। उन्हें उम्मीद है कि उन्हें प्रियंका से नाराज पार्षदाें के वाेट मिल सकते हैं। रमनदीप भाजपा से ही बागी हैं।

गजसिंहपुर: 20 पार्षद

पालिका चुनाव में कांग्रेस के 11, भाजपा के 8 व एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुआ है। पालिकाध्यक्ष के लिए कड़े मुकाबले में फिलहाल कांग्रेस के चमकाैरसिंह भारी पड़ रहे हैं। यदि भाजपा कांग्रेस खेमे में सेंध मारने में सफल नहीं हुई ताे कांग्रेस कम अंतर से अध्यक्ष बना सकती है। पार्टी की बाड़े बंदी में 11 पार्षद हैं। इन पर खुद विधायक गुरमीतसिंह कुन्नर नजर रखे हुए हैं। हालांकि भाजपा कांग्रेस खेमे में सेंध लगाने के प्रयास में जुटी है।

श्रीविजयनगर: 25 पार्षद

कांग्रेस काे 9 भाजपा काे 7 और निर्दलीयाें के 8 वार्डाें मेें सफलता मिली है। एक वार्ड में माकपा सफल रही। फिलहाल माकपा का वाेट कांग्रेस काे मिलेगा इस पर अनिश्चितता है। वहीं कांग्रेस का एक पार्षद पार्टी की बाड़ेबंदी में नहीं है। दूसरी ओर भाजपा के खेमे में 13 से अधिक पार्षद बताए जा रहे हैं। कांग्रेस भाजपा खेमे में सेंध नहीं लगा पाई और माकपा ने कांग्रेस का समर्थन नहीं किया ताे भाजपा काे यहां फायदा मिल सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Congress in Srikaranpur, Kesari Singhpur, Padampur and BJP board in Anupgarh-Sadulshahar


टिप्पणियाँ