पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की सफाई नहीं हाेने से सिंचाई पानी की कमी से जूझ रहे गंगनहर क्षेत्र के किसानाें के लिए खुश खबर है। पंजाब सरकार ने 45 आरडी से बीकानेर कैनाल की सफाई मशीनाें से सफाई शुरू करवा दी है। मशीनाें के माध्यम से प्रवाहित पानी से गाद व कचरा निकालकर सफाई करवाई जा रही है। आगामी एक पखवाड़े में राजस्थान बाॅर्डर खखां हैड तक सफाई का कार्य पूर्ण करवा लिया जाएगा। सफाई हाेने के बाद नहर में क्षमता के अनुसार पानी प्रवाहित हाे सकेगा तथा किसानाें काे पूरा पानी मिल सकेगा। बीकानेर कैनाल के इस सफाई कार्य पर कुल दाे कराेड़ 12 लाख रुपए खर्च हाेंगे।
बीकानेर कैनाल की सफाई के लिए पंजाब की ओर से नाै मशीनें लगाई गई हैं जाे प्रवाहित पानी से सिल्ट निकालकर नहर की सफाई कर रही हैं। सफाई के इस कार्य पर लगभग एक कराेड़ रुपए खर्च हाेंगे। सफाई कार्य की माॅनिटरिंग के लिए पंजाब सिंचाई विभाग के अधीशासी अभियंता जगतार सिंह काे लगाया गया है जिनकी देखरेख में यह काम करवाया जा रहा है। सितंबर माह में कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई रेगुलेशन समिति की बैठक में किसान प्रतिनिधियाें व जल उपयाेक्ता संगम अध्यक्षाें ने नहरबंदी लेने के प्रस्ताव का जमकर विराेध किया था। इसके बाद नहरबंदी स्थगित कर दी गई।
इसके बाद 17 अक्टूबर काे पृथ्वीपाल संधू के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियाें ने मुख्यमंत्री अशाेक गहलाेत से मिलकर सिंचाई पानी से संबंधित समस्याओं के अवगत करवाते हुए समाधान करवाने की मांग की थी। साथ ही उन्हाेंने पंजाब में बिना नहरबंदी लिए बीकानेर कैनाल की सफाई करवाने की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के चीफ सेक्रेटरी काे किसानाें से वार्ता कर समस्याओं काे समझने व तुरंत समाधान करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद किसान प्रतिनिधियाें ने चीफ सेक्रेटरी काे सिंचाई पानी के अभाव में किसानाें की फसलें चाैपट हाेने का हवाला देते हुए बिना नहरबंदी लिए पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की मशीनाें से सफाई करवाने की मांग की थी।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह संधू, किसान संघर्ष समिति के प्रवक्ता सुभाष सहगल, अमरसिंह बिश्नाेई ने मंगलवार काे पंजाब में 45 आरडी पहुंचकर नहर के सफाई कार्य का जायजा लिया। किसान प्रतिनिधियाें ने बताया कि नहर की सफाई होने से लाॅसेज में जा रहे पानी की समस्या से निजात मिलेगी। गंगनहर क्षेत्र के किसानाें को लगभग 700 से 800 क्यूसेक तक पानी का फायदा होगा और लगातार दो बारियां किसी भी नहर की नहीं पिटेंगी।
2013 के बाद नहीं हुई पंजाब क्षेत्र में नहर की साफ-सफाई
पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की सफाई 2013 के बाद नहीं हुई। इस कारण तीन हजार क्यूसेक पानी क्षमता की इस नहर में पूरा पानी प्रवाहित नहीं हाे पा रहा था तथा किसानाें की सिंचाई बारियां पिट रही थी। पूरे सिंचाई पानी की मांग काे लेकर किसान लंबे समय से आंदाेलन कर रहे थे। अब नहर की सफाई हाेने के बाद किसानाें काे पूरा पानी मिल सकेगा।
पंजाब में बीकानेर कैनाल की सफाई के लिए प्रदेश सरकार ने पंजाब काे 98 लाख रुपए की राशि दी है। नहर के सफाई कार्य पर कुल दाे कराेड़ 12 लाख रुपए खर्च हाेंगे। शेष राशि जल्दी ही पंजाब की दी जाएगी। नहर की सफाई हाेने से इसमें क्षमता के अनुसार पूरा पानी प्रवाहित हाे सकेगा। इसका सीधा लाभ किसानाें काे मिलेगा।
राजेंद्र सिंह, एक्सईएन, रेगुलेशन सिंचाई विभाग श्रीगंगानगर।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ