जिस पर परिवार का जिम्मा था, वह किडनी की बीमारी से चल बसा ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए चार लाख रुपए जुटाकर मदद की
कस्बे निवासी पूनमसिंह की किडनियां खराब होने से मौत हो गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे समय में खेड़ापा व आसपास के ग्रामीण मददगार बनकर सामने आए। इन लोगों ने परिवार की मदद करने के लिए अपने सामर्थ्य के अनुसार सहयोग किया और करीब 4 लाख रुपए जुटा लिए।
अब दोनों बच्चों के नाम एफडी करवाकर उसकी पत्नी को सुपुर्द किए। जानकारी के अनुसार खेड़ापा निवासी पूनमसिंह की दोनों किडनी खराब हो चुकी थी। आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते उपचार भी नहीं करवा पा रहे थे। उनकी पीड़ा देखकर समाजसेवी हरिराम कुरडिया व अन्य लोगों ने उसकी मदद करने का बीड़ा उठाया और सोशल मीडिया के माध्यम से उसके लिए सहयोग राशि जुटाना शुरू किया लेकिन इस बीच पिछले दिनों पूनम सिंह की मृत्यु हो गई लेकिन लोगों ने उसके परिवार का सहयोग करने का मिशन जारी रखा और करीब ₹400000 की राशि एकत्रित कर ली।
हरिराम कोरिया व अन्य लोगों ने बैंक में जाकर मृतक पूनम सिंह के दोनों बच्चों रवि और मोनिका के नाम ₹400000 की एफडी करवाई और यह एफडी पूनम सिंह की पत्नी को दी। ग्रामीणों की ओर से किए गए अनूठे कार्य की बैंक के कर्मचारियों व वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी जमकर सराहना की।
लोगों ने दिल खोलकर किया सहयोग
पूर्व सरपंच हीराराम कुरड़िया ने बताया कि पूनमसिंह के जिंदा रहते उसके उपचार के लिए काफी प्रयास किए। लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए। लोगों ने उसके परिवार की मदद के लिए खूब सहयोग किया और उसके बच्चों के नाम चार लाख रुपए की एफडी करवाई गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ