मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबन्धन और उससे उत्पन्न होने वाले कचरे का सही समय पर निस्तारण आवश्यक है। आर्य शुक्रवार को सचिवालय में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण की बैठक को वेबिनार के माध्यम से सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में आर्य ने कहा कि सुरक्षित कचरा प्रबंधन के लिए नीतियां बनाते समय धन की कमी नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य में अपशिष्ट प्रबन्धन की उचित और सक्रिय गतिविधियों को जारी रखने के लिए जिला कलेक्टर्स को सक्रिय भूमिका निभानी होगी तथा जनता को भी पर्यावरण नियमों की अनुपालना करने के लिए जागरूक करना होगा। उन्होंने पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में काम कर रही एजेन्सियों को वायु गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के इस दौर में बायोमेडिकल कचरे के नियमित और सुरक्षित निस्तारण के लिए सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य सेवाएं विशेष ध्यान दें। आर्य ने कहा कि राजस्थान राज्य में पानी की कमी है, ऎसी स्थिति में पानी की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए उपचारित होने वाले पानी का सही तरीके से उपयोग किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियोें को राज्य में अवैध खनन को रोकने के उपायों को सख्ती से लागू किये जाने के निर्देश भी दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ