पत्नी को मिली थी धमकी, अचेत मिला पति, अस्पताल में हुई मौत

उद्योग नगर के प्रेम नगर फ्लाईओवर के नीचे दो दिन पहले मिले युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पत्नी ने उसकी हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पत्नी का कहना है कि उसे कुछ दिनों से धमकियां मिल रही थी। जबकि पुलिस ने मामले में संदिग्ध मौत का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। दरअसल, प्रेमनगर फ्लाईओवर के नीचे 26 दिसंबर को प्रेमनगर निवासी हेमंत मीणा अचेत अवस्था में पड़ा मिला था।

उसे राहगीरों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हेमंत की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसकी पत्नी निधि मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 26 दिसंबर को उसका पति हेमंत घर से शाम को निकला था और कहा था कि उसके लिए खाना मत बनाना वो बाहर खाकर आएगा। इसके बाद प्रेम नगर फ्लाईओवर के नीचे अचेत अवस्था में मिला।
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज
पत्नी निधि मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कहा है कि उसे कुछ दिनों पहले फोन पर धमकियां मिली थी। जिसमें सामने वाले बदमाश ने कहा था कि वो उसके पति को खत्म कर देगा। प्रेम नगर फ्लाईओवर के नीचे अचेत अवस्था में मिले पति के सिर पर गहरी चोटों के निशान है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उनके सिर पर पहले किसी ने वार किया और उन्हें नीचे पटक दिया। इधर, सीआई प्रमेन्द्र रावत का कहना है कि मामला संदिग्ध मौत का है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ