नप के बजट की तैयारियां शुरू जनवरी में हो सकती है बैठक, विभिन्न शाखाओं से मांगा आय-व्यय का ब्यौरा

नगरपरिषद के वित्तीय वर्ष 2021-22 के प्रस्तावित बजट के लिए तैयारी शुरू हो गई है। परिषद के लेखा शाखा के अधिकारी-कर्मचारी बजट तैयार करने में जुट गए हैं। हालांकि अभी बजट को लेकर साधारण सभा की बैठक की तिथि निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि अगले माह के शुरुआत में यह बैठक हो सकती है।

इसके लिए परिषद की सभी शाखाओं के कर्मचारियों को 24 दिसंबर तक प्रस्तावित बजट वर्ष 2021-22 के लिए आवश्यक मसौदा लेखा शाखा में प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसमें सदन में परिषद का बजट पार्षदों के समक्ष रखा जाएगा। पार्षद प्रस्तावित बजट पर चर्चा करेंगे। आयुक्त पूजा शर्मा ने बताया कि बजट को लेकर सभी शाखाओं से प्रस्तावित आय-व्यय की जानकारी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बार बजट में मूलभूत सुविधाओं में विस्तार, सफाई कार्यों व संसाधनों में बढ़ोतरी, परिषद की आय बढ़ाने पर अधिक जोर दिया जा सकता है।


नगरपरिषद का वर्ष 2020-21 का पारित बजट 362 करोड़ रुपए का था, जिसे सभापति गणेशराज बंसल ने सदन के पटल पर रखा था। हालांकि परिषद का वित्तीय वर्ष 2021-22 का प्रस्तावित बजट तैयार नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों का अनुमान है कि इस बार का बजट पिछले साल की तुलना में इस बार 15 से 20 करोड़ रुपए अधिक हो सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ