जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला रविवार को एक दिवसीय दौरे पर हनुमानगढ़ आए। दोपहर बाद वे श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुए। पहले मंत्री का वाया जंडावाली, पक्कासारणा होते हुए श्रीगंगानगर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन एन वक्त पर उनका रूट चार्ट बदल गया। वे सूरतगढ़ होते हुए श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुए। इस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में कांग्रेस से बागी हुए हरप्रीत सिंह ढिल्लो ने आरोप लगाया कि कई लोगों ने जंडावाली में मंत्री के विरोध की अफवाह फैला दी, जबकि गांव में मंत्री का भव्य स्वागत किया जाना था।
स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश था, लेकिन प्रभारी मंत्री के रूटचार्ट बदलने से उनको मायूसी हाथ लगी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने कहीं भी विरोध-प्रदर्शन की बात से इनकार किया। एसडीएम कपिल यादव ने बताया कि सूरतगढ़ में प्रभारी मंत्री को किसी निजी कार्यक्रम में जाना था। इसलिए वे श्रीगंगानगर के लिए वाया पक्कासारणा की बजाए सूरतगढ़ से रवाना हुए। इससे पहले बीडी कल्ला ने बीसूका की बैठक ली, जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया एवं गांधीजी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ऑपरेशन संजीवनी अभियान के तहत रथ रवाना किए। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर योजनाओं की जानकारी दी।
नोहर क्षेत्र में सिंचाई पानी चोरी रोकने के सवाल पर कल्ला बोले-सभी मिलकर कार्य करेंगे
नोहर सिद्धमुख परियोजना से सिंचाई पानी की चोरी रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस व जल संसाधन विभाग के अधिकारी मिलकर कार्य करेंगे। रेगुलेशन के अनुसार जिन वितरिकाओं में पानी चलेगा, उन नहरों पर गश्त बढ़ाई जाएगी। यह बात ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कांफ्रेंस में कही। उन्होंने कहा कि बीसूका की बैठक में नोहर विधायक अमित चाचाण ने पानी चोरी का मुद्दा उठाया था।
इस पर अधिकारियों को पानी चोरी पर शीघ्र लगाम लगाकर टेल के किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के दो वर्ष पूरा करने पर राज्य में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान आत्मनिर्भर बन चुका है। बहुत जल्द ही सौर ऊर्जा का राजस्थान हब बनेगा। चुनाव से पहले किसानों से किए गए वादे के तहत आज भी कृषि कनेक्शनों पर 90 पैसे प्रति यूनिट ही चार्ज वसूला जा रहा है।
घरेलू बिजली कनेक्शनों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने के सवाल पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अडानी समूह ने राज्य में चार हजार करोड़ रुपए की रिकवरी निकालकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी। वह राशि चुकाने के लिए फ्यूल चार्ज में बढ़ोत्तरी की गई है। इस मौके पर हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, नोहर विधायक अमित चाचाण, नोहर प्रधान सोहन ढिल, प्रभारी सचिव अरुणा राजौरिया, कलेक्टर जाकिर हुसैन, एसपी राशि डोगरा डूडी, एडीएम अशोक असीजा, एसडीएम कपिल यादव, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, एडवोकेट मोहम्मद मुश्ताक जोइया, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष तरुण विजय सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा ने सिर्फ स्पिनिंग मिल बंद करवाने का कार्य किया: चौ. विनोद
हनुमानगढ़ में स्पिनिंग मिल शुरू करने के सवाल ने प्रभारी मंत्री ने हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार को जानकारी देने को कहा। इस पर चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि मिल की करोड़ों रुपए की भूमि है। यहां का धागा पूरे एशिया में क्वालिटी के मामले में सबसे अच्छा था, लेकिन पिछली भाजपा सरकार ने सिर्फ मिल बंद करवाने का कार्य किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के साथ हनुमानगढ़ में भी चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में अनेक कार्य हुए हैं। हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज के लिए जगह आवंटित हो गई है। कोरोना सैंपल की जांच के लिए लैब स्थापित की जा चुकी है। घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा ग्रांट कम करने के कारण इसमें दिक्कत आ रही है। वहीं प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को दिन में बिजली देने के लिए कार्य चल रहा है। आगामी तीन वर्षों में कृषि कनेक्शनों के लिए सभी काश्तकारों को दिन में बिजली दी जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ