वर्चस्व की लड़ाई में दिनदहाड़े युवक को चाकू मारा, अपहरण कर ले गए और मरा समझकर छोड़ दिया

बदमाश अब शहर पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर मंगलवार दिनदहाड़े कुछ बदमाशों ने एक युवक को रास्ते में रोका और चाकू मारकर घायल कर दिया। बदमाश उसका अपहरण करके ले गए और फिर मारपीट की। जिसके बाद उसे मरा समझकर वहां से फरार हो गए।

सही समय पर सूचना मिलने से परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जिससे युवक की जान बच गई। हालांकि, युवक की हालत देर रात तक गंभीर बनी हुई थी। इधर, शहर पुलिस ने इसे चुनौती की तरह लिया और एक साथ तीन थानों की पुलिस व दर्जन भर पुलिसकर्मियों की टीम बदमाशों के पीछे लगी। पुलिस टीम ने सिर्फ 8 घंटे में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, प्रेम नगर प्रथम हाल गोबरिया बावड़ी माताजी के मंदिर के पास रहने वाला सुनील (19) पुत्र प्रेमशंकर लुहार मंगलवार सुबह अपने दोस्त लखन के साथ प्रेम नगर प्रथम निवासी बड़े भाई उमेश को बाइक देने के लिए आया था। दोनों भाई को बाइक देने के बाद गोबरिया बावड़ी लाैट रहे थी।

इसी दौरान प्रेमनगर प्रथम पुलिया के पास डब्बू, आदिल, बिट्टू, सोनू सहित आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशाें ने उससे मारपीट की और चाकू से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। युवक के हाथ, पैर, पेट व अन्य जगहों पर चोटें आई। बदमाश यहीं नहीं रुके वो उसे घायल अवस्था में गाड़ी पर डालकर डकनिया स्टेशन की तरफ पटरी के पास ईंट भट्टे पर ले गए।
दो दर्जन पुलिसकर्मियों की टीम दौड़ी पीछे, तब जाकर पकड़ में आए 6 बदमाश

घटनाक्रम के बाद एसपी विकास पाठक ने एएसपी प्रवीण जैन, डीएसपी राजेश मेश्राम समेत गुमानपुरा, उद्योगनगर और विज्ञाननगर थानों के दो दर्जन पुलिस अधिकारियों को बदमाशों के पीछे लगाया। टीमों ने 8 घंटे में बदमाशों को गिरफ्तार किया। मामले में गोविन्दनगर निवासी अरमान हुसैन उर्फ डब्बू पुत्र इकबाल हुसैन उम्र 19 साल, मोहम्मद सरफराज उर्फ बिट्टू पुत्र रियाज मोहम्मद उम्र 22 साल, आशिफ अहमद उर्फ मोटा पुत्र शहीद अहमद उम्र 20 साल, शानू खान उर्फ बन्दर पुत्र अल्लाउद्दीन उम्र 20 साल, तासिम हुसैन उर्फ भूरिया पुत्र अब्दुल सलीम उम्र 22 साल और मोहम्मद हुसैन उर्फ छोटू पुत्र आमिन अली उम्र 19 साल को गिरफ्तार किया है।
सभी एक मोहल्ले के रहने वाले, सभी पर 26 केस दर्ज
पुलिस द्वारा गिरफ्तार बदमाश आशिफ पर 6, अरमान पर 7, बिट्‌टू पर 6, भूरिया पर 2, शानू पर 2 और छोटू पर 3 केस दर्ज हैं। सभी अाराेपियाें पर कुल 26 केस दर्ज हैं। यह मुकदमे मारपीट, चाकूबाजी, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के हैं। वहीं, फरियादी घायल युवक सुनील पर भी थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि सभी एक मोहल्ले के रहने वाले हैं और वर्चस्व को लेकर झगड़े चल रहे हैं।

मौके पर पहुंच गया भाई इसलिए बच गई जान
बदमाशों ने उसे वहां ले जाकर तब तक मारा जब तक सुनील बिल्कुल निढाल नहीं हो गया और जमीन पर नहीं गिर गया। मार-मारकर उसका पैर तोड़ डाला। इसी दौरान अपहरण व मारपीट की खबर उसके बड़े भाई उमेश को लगी और वो अपने साथियों के साथ मौके पर गया। बदमाशों को उसके अाने की खबर लगी तो उन्होंने फिर सुनील को मारा ।

शहर में खत्म हो रहा पुलिस का खौफ, 30 दिन में हुई 5 हत्याएं

शहर में 30 दिन में चाकूबाजी और हत्याओं का एक दौर सा शुरू हो गया है, जो रूकने का नाम नहीं ले रहा हैं। हर दूसरे-तीसरे दिन चाकूबाजी की वारदातों से शहरवासियों का अमन-चैन खो गया है। शहर पुलिस बदमाशों को पकड़ भी रही है, लेकिन बदमाशों के दिलों-दिमाग में से पुलिस का खौफ धीरे-धीरे खत्म सा हो रहा हैं। 30 दिनों का रिकॉर्ड उठाकर देखे तो शहर में 5 हत्या और चाकूबाजी की 6 बड़ी वारदातें हुई। बदमाश अब खुलेआम चाकू लेकर घूमने लगे है और दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

मामूली कहासुनी पर हत्या की वारदातें

1. चाकुओं से गोदकर की हत्या : सुभाषनगर कब्रिस्तान के पास 14 नवंबर को गोलू उर्फ इमरान की पैसों के लेन-देने के विवाद में चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। कब्रिस्तान के पास मोईन व सोयब ने बाइक अड़ा कर गिराया और चाकुओं से वार कर हत्या कर दी।
2. कार अड़ने पर चाकुओं से गोदकर की हत्या: बालिता रोड पर बर्थडे पार्टी से लौट रहे संस्कार सागते (18) व चार दोस्तों की कार बैक करते समय दूसरी कार से अड़ गई। कहासुनी पर चांद व लक्की ने संस्कार, विजय और दीपक को चाकू मारे । जिसमें संस्कार की मौत हो गई।
3. पत्थर मारकर सिर फोड़ डाला : अधरशिला में 3 नवंबर रात को खलील के सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। हत्या सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि उसकी वहां पर एक युवक से परिसर में प्रवेश की बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
4. जमीन के विवाद में हाथ-पैर तोड़े, हत्या : कुन्हाड़ी थाना इलाके में 18 नवंबर को अज्ञात बदमाशों ने प्रोपर्टी विवाद में आरकेपुरम निवासी भरतराज पर जानलेवा हमला किया। उसे तब तक मारा, जब तक उसके हाथ-पैर नहीं टूट गए। जिसकी कुछ दिनों बाद अस्पताल में उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।

जरा-जरा सी बात पर चले चाकू, 5 बड़ी वारदातें

1. पुलिस सोती रही, सरेराह चाकू से गोदा : आर्य समाज रोड पर पेठे वाले की दुकान के पास 17 नवंबर को नयापुरा निवासी अंसार को बाइक पर तीन बदमाशों ने चाकू से गोद डाला। उसके पैर, हाथ पर चाकुओं के एक दर्जन घाव थे। वो वहां पर परिवार में शादी के संबंध में उसे इवेंट की बात भी करने गया था।
2. चाकुओं से वारकर किया घायल: गुमानपुरा थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद 17 नवंबर को कोटडी गुमानपुरा निवासी सागीर पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। उसकी गुमानपुरा के भैया व सल्लू से कहासुनी हुई थी, दोनों ने उस पर चाकुओं से हमला कर उसे घायल कर दिया‌।
3. बाइक क्या अड़ी, जान के दुश्मन बन गए बदमाश: सकतपुरा में 17 नवंबर को बाइक अड़ने के विवाद में दो बदमाशों ने दो भाईयों को घेरकर चाकुओं से इतने वार किए कि दोनों घायल हो गए। अडीला निवासी पंकज मीणा चचेरे भाई अरुण के साथ बाइक पर शिवपुरा जा रहे थे। नहर के पास रोड पर सामने से दो लड़के बाइक लेकर आए और उनकी बाइक अड़ने पर विवाद हो गया था।
4. अंडे नहीं खिलाए तो मारे चाकू: उद्योगनगर सीएनजी पंप के पास अंडे के ठेले लगाने वाले गुलशेर निवासी वॉम्बे योजना को 21 नवंबर को एक बदमाश ने चाकू मारे। शहादत ने इसलिए मारा कि गुलशेर ने अंडे नहीं खिलाए।
5. दिनदहाड़े चाकू मारे, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल: स्वामी विवेकानंद नगर सेक्टर 3 में किराने की दुकान के पास का 22 नवंबर को सोनू मीणा द्वारा चाकू मारने का वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक युवक के पैर में चाकू की चोट भी आई, लेकिन वे सभी भाग गए। जिससे इलाके में दहशत फैल गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
In the battle of supremacy, the young man was stabbed, kidnapped and left dead in broad daylight


टिप्पणियाँ