कोरोना महामारी को लेकर राहत की खबर है। सुखद बात है कि जिले में रविवार को नए कोरोना पॉजिटिव रोगियों का आंकड़ा कम होकर महज 2 रोगियों पर आ गया। खास बात है कि संभाग के चारों जिलों में एक्टिव कोरोना रोगी के मामले में भी हनुमानगढ़ जिले में सबसे कम रोगी रह गए हैं। रविवार को आई 17 व 18 दिसंबर को लिए गए 834 सैंपलों की रिपोर्ट में जंक्शन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और पल्लू के वार्ड 10 में एक नया रोगी मिला।
जिले में अब कोरोना एक्टिव केस महज 86 हैं। यहां बता दें कि नवंबर माह तक कोरोना केस रोजाना औसतन 30 से 35 आ रहे थे लेकिन दिसंबर की शुरुआत के साथ ही यह आंकड़ा कम होता चला गया। लोगों ने मास्क पहनने के साथ कोविड गाइडलाइन की पालना को लेकर जागरुकता दिखाई जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लोग इसी तरह जागरुक रहे तो कोरोना को पूरी तरह से हराया जा सकेगा। जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती है तब तक कोविड गाइडलाइन की पालना को लेकर हर नागरिक जागरुक रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ