मौसम की पहली मावठ, दिनभर बादल दिन का पारा एकसाथ 6.6 डिग्री धड़ाम

शुक्रवार अलसुबह हम नींद में थे और शहर का मौसम बदल गया। देर रात आसमान में छाए बादल सुबह 5:10 बजे मावठ के रूप में बरस पड़े। यह सीजन की पहली मावठ है, जिसने जिले के अधिकांश हिस्से को भिगो दिया। दिनभर सूर्य नहीं निकला, जिससे दिन का पारा अचानक 6.6 डिग्री गिर गया और दोपहर ठिठुर गई। इसके उलट बादलों से रात का पारा 0.8 डिग्री बढ़कर 12 डिग्री पर पहुंच गया।

उदयपुर सहित पूरे मेवाड़ में यह बादल हिमालय के क्षेत्र से गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण छाए हैं। इसी वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी भी हुई है। शहर में दिन और रात का पारा दिसंबर के पहले दिन से ही चढ़ना शुरू हो गया था। दिन का पारा जहां 4 दिसंबर को 30 डिग्री के पार हो गया, वहीं रात का पारा 6 दिसंबर के बाद 10 डिग्री के ऊपर चला गया। इसके बाद लगातार दिन का पारा 32 और रात का पारा 11.5 डिग्री के आसपास ही रहा। गुरुवार को भी रात का पारा 11.2 डिग्री और दिन का पारा 29 डिग्री था, जाे शुक्रवार को 12 और 22.4 डिग्री पर पहुंच गया।

सुबह 5:10 बजे बूंदों ने शहर को भिगोया

पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार सुबह से बादल छाने लगे थे। शुक्रवार सुबह 5:10 बजे बूंदाबादी कर सड़कों को भिगो दिया। चित्र सहलियों की बाड़ी का।

आज भी हल्की बारिश संभव, दिन का पारा 50 तक गिर सकता है

प्राे. नरपतसिंह राठौड़ के अनुसार शनिवार काे भी उदयपुर में दिनभर बादल छाए रहने से दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट की संभावना है। हल्की बारिश भी हाे सकती है। रात का पारा 9-11 डिग्री के बीच रह सकता है। इसके बाद विक्षोभ कमजोर पड़ सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
First temperature of the season, mercury of 6.6 degree Celsius


टिप्पणियाँ