बड़गांव सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक शर्मा ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों को निशुल्क चिकित्सकीय सेवा देने के लिए 6 दिन का अवकाश मांगा है। अर्जी पर सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने कुछ भी कर पाने में खुद को असमर्थ बताया। उन्होंने कहा कि वे उच्चाधिकारियों से राय लेंगे।
डॉ. शर्मा ने पत्र में लिखा है कि वे दिल्ली सीमा पर धरना दे रहे किसानों को मानवता के नाते चिकित्सा सेवा देना चाहते हैं और निजी स्तर पर एक लाख रुपए की दवाइयां बांटना चाहते हैं।
डॉ. शर्मा ने किसी राजनीतिक व धरने-आंदोलन में भाग नहीं लेने का भरोसा दिलाते हुए 9 से 12 दिसंबर तक आकस्मिक अवकाश और मुख्यालय छोड़ने की अनुमति मांगी है। पत्र के बाद सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी सहित संभाग स्तर के चिकित्सा अधिकारियों में खलबची मच गई।
सीएमएचओ डॉ. खराड़ी ने कहा है कि इस तरह पहली बार किसी डॉक्टर ने आकस्मिक अवकाश और मुख्यालय छोड़ने की अनुमति मांगी है। इसे सीधे तौर पर स्वीकार करने में वे असमर्थ हैं। वे गुरुवार को प्रदेश स्तर के आला अधिकारियों से अवकाश सलाह या आदेश लेंगे। दूसरी ओर, डॉ. शर्मा का कहना है कि लाखों किसान इस हाड़ कंपाने वाली सर्दी में खुले आसमान के नीचे सात दिन से डटे हैं। किसानों की इस पीड़ा ने उनकी बेचैनी बढ़ा दी है। बता दें, डॉ. शर्मा इससे पहले कई बार प्रदेशभर के डॉक्टर्स के हड़ताल पर जाने के दौरान मरीजों का इलाज करने की वजह से सुर्खियों में रह चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ