5607 में से 3477 मरीजाें ने होम क्वारेंटाइन में काेराेना काे हराया

हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में प्रदेश के साथ जिले में कोरोना घट रहा है। ये बात चिकित्सा विभाग के आंकड़े बोल रहे हैं। नवंबर में 1393 कोरोना मरीज मिले, लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि दिसंबर के 20 दिनों में मात्र 281 संक्रमित ही मिले, जो नवंबर की तुलना में 20 फीसदी ही है। जुलाई-अगस्त से जिले में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ी। सितंबर के अंतिम सप्ताह में संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट की कंडीशनल छूट मिली, जिसके बाद मरीज तो बढ़े, लेकिन रिकवरी भी बढ़ती गई।

इसमें होम आइसोलेट मरीज ज्यादा रहे। खास बात ये है कि मार्च से लेकर 20 दिसंबर तक कोरोना के 5607 मरीजों में 3477 ने इसे घर में ही चिकित्सक के परामर्श और दवा लेकर कोरोना को हराया। इसका मुख्य कारण ये है कि घर में परिजनों का भावनात्मक सपोर्ट मिलता है, जिसके कारण मरीज की इम्युनिटी तेजी से बढ़ती है और रिकवरी जल्दी हो रही है।

चूरू ब्लाॅक को लें तो यहां 1570 संक्रमित में से 991 होम आइसोलेट होकर ठीक हुए हैं। सरदारशहर में 1318 मरीजों में से 1279 रिकवर हुए। यहां 719 मरीज होम आइसोलेट रहकर रिकवर हुए। सरदारशहर में जिले का सबसे अधिक 97.04 फीसदी रिकवरी रेट रहा। जिले के कोविड केयर सेंटर अब खाली हो गए हैं। जिले में अब एक्टिव केस 292 हैं।

94.49% जिले की रिकवरी रेट, सबसे ज्यादा 97.04% सरदारशहर ब्लॉक में

ग्रामीण क्षेत्र के सिर्फ 1229 मरीज

  • 5607 कोरोना मरीजों में से 4378 शहरी क्षेत्र के हैं, जबकि ग्रामीण के मात्र 1229 मरीज संक्रमित हुए।
  • विदेश, दूसरे राज्यों से माइग्रेट करके आने वाले मरीजों की संख्या 570 है, जो कुल पॉजिटिव का करीब 10 फीसदी है।
  • रिकवरी रेट 94 फीसदी है, जो ये बताती है कि कोरोना के मात्र 6 फीसदी मरीजों की तबीयत बिगड़ी।

एक्सपर्ट व्यू : होम क्वारेंटाइन में मरीज को अकेलापन नहीं होता : डॉ. गौरी
कार्यवाहक आरसीएचओ एवं बीसीएमओ डॉ. अहसान गौरी का कहना है कि कोरोना मरीज 94% रिकवर हुए हैं, इसका मतलब जिले के लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक है। इसका कारण यहां की जलवायु और रहन-सहन है। रिकवर मरीजों में सबसे ज्यादा होम आइसोलेट मरीज हैं। इसके 3 कारण हैं

  • घर के सदस्यों द्वारा देखरेख से मानसिक संतुष्टि मिलती।
  • समय पर इच्छानुसार भोजन, इससे इम्युनिटी बढ़ती है।
  • घर में मरीज को परिवार का भावनात्मक सपोर्ट मिलता है, अकेलापन महसूस नहीं होता।

जिले के दो प्रमुख कोविड केयर केंद्र

  • एएनएमटीसी छात्रावास चूरू : 100 बेड का है। अब तक 939 मरीजों मेें से 906 रिकवर होकर जा चुके। अभी यहां एक एक्टिव केस हैं।
  • एसबीएलडी आयुर्वेद कॉलेज सरदारशहर : 100 बेड का है। यहां 1482 में से 1365 मरीज रिकवर हो चुके है। वर्तमान में यहां 3 मरीज भर्ती है। 117 मरीज अन्य केंद्रों में शिफ्ट किए गए।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सरदारशहर का एसबीएलडी आयुर्वेद विश्वभारती का कोविड केयर केंद्र में खाली हुए मरीजों के बेड।


टिप्पणियाँ