चौपासनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल के सामने रविवार रात को लूट की वारदात का पुलिस ने चार घंटे में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर माल बरामद भी कर लिया। इतना ही नहीं, लुटेरे दूसरी वारदात को अंजाम देने के लिए बरकतुल्लाह खां स्टेडियम के पीछे की तरफ गए। पुुलिस की मुखबिरी और आमजन के सहयोग से दोनों बदमाशों को धर दबोचा।
इन्हें बापर्दा गिरफ्तार किया गया, जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भिजवाया जाएगा। शिनाख्त परेड के बाद फिर रिमांड पर लिया जाएगा। इनसे कई और वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। देवनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित सेक्टर 5 चौथा पुलिया निवासी सिमरन पत्नी रमेश दरवानी ने रिपोर्ट दी थी।
इसके अनुसार वह अपनी बहन भारती के साथ रविवार रात सात बजे एक्टिवा पर घर की तरफ लौट रही थी, तब एक बाइक पर दो व्यक्ति आए और सिमरन के बगल में लटक रहा पर्स लूटकर ले गए। पर्स में चार-पांच हजार की नकदी, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम, दो हाथ घड़ियां आदि थे। लूट की इस घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने पर तत्काल नाकाबंदी करवाने के साथ पुलिस ने मुखबिरी तंत्र को मजबूत किया।
पुलिस को फिर सूचना मिली कि बरकतुल्लाह खां स्टेडियम के पीछे दो युवक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बताए हुलिए के आधार पर दोनों बाइक सवार युवकों को दस्तयाब कर लिया गया।
पुलिस ने लूट के इस मामले में जूनी मंडी पोस्ट ऑफिस के निकट धान गली निवासी लवेश वैष्णव पुत्र नंदकिशोर वैष्णव और पुरानी किला रोड ब्रह्मपुरी चांद गली निवासी सिद्धार्थ दवे पुत्र अजीत दवे को गिरफ्तार किया। इनसे लूटा गया सामान जब्त कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी लवेश के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट के 5, घर में घुसकर हमला करना व मारपीट के प्रकरण हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ