हाइवे पर पड़ी मृत भैंस से टकराई 4 गाड़ियां, मां-बेटी की मौत, 5 घायल

जोधपुर-नागौर रोड पर भवाद फांटे के पास मंगलवार देर शाम सड़क पर मृत भैंस से एक के बाद एक चार वाहन टकरा गए। तेज रफ्तार के कारण गाड़ियां पलटी खा गई। महज 3 मिनट में 4 वाहन पलटी खा गए। हादसे में एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस 108 की सहायता से जोधपुर ले जाया गया।

एनएच-62 के भवाद फांटे के निकट तीन भैंस सड़क पर मरी हुई पड़ी थी। मंगलवार शाम अंधेरे में एक भैंस से टकरा कर एक कार पलटी खा गई। इसके पीछे आ रही एक बोलेरो कैंपर भी भैंस से टकराने के बाद कार से जा भिड़ी। कैंपर में पीथावास क्षेत्र के विश्नोई परिवार के 7 जने सवार थे।

यह परिवार एक सामाजिक समारोह में भाग लेकर लौट रहा था। इस हादसे में कैंपर में सवार महिला गुड्डी (43) पत्नी देवाराम एवं उनकी पुत्री सीमा (13) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्यामी (35) पत्नी श्यामलाल, दीपक (11) पुत्र श्यामलाल, सीता (40) पत्नी बुलाराम, सुरता (30) पत्नी करनाराम एवं राजुराम (25) पुत्र रामूराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिन्हें एंबुलेंस से जोधपुर स्थित मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया। कैंपर में फंसे लोगों को बाहर निकाला जाता उससे पहले एक के बाद एक दो अन्य कार भी भैंस से टकरा गई, लेकिन उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा। मौके पर मौजूद लोगों ने कैंपर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सबसे पहले भैंस से टकरा कर पलटी कार में कोई नहीं मिला। इसका चालक टक्कर लगने के बाद स्वयं ही बाहर निकल वहां से भाग निकला।

हादसे के बाद जागा प्रशासन
हाइवे पर आए दिन पशु वाहनों की चपेट में आने से मर रहे हैं, लेकिन हाईवे ऑथोरिटी द्वारा मृत पशुओं को वहां से हटाया नहीं जाता है। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। मंगलवार शाम को भी यही हुआ। दिन में 3 भैंस किसी वाहन की चपेट में आने से मर गईं। इसके बाद शाम को अंधेरा होने पर हादसा हो गया। घटना के बाद जिम्मेदारों ने हाइवे से मृत पशुओं के शव हटवाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जोधपुर-नागौर रोड पर भवाद फांटे के पास मंगलवार देर शाम सड़क पर मृत भैंस से एक के बाद एक चार वाहन टकरा गए


टिप्पणियाँ