उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर राजस्थान में दिखाई देने लगा है। शहर में अब दिन में भी ठंडक का अहसास होने लगा है। रविवार को अलसुबह से ही उत्तर से हवाएं चल रही थीं। इसके साथ ही हल्की धुंध भी थी। इसकी वजह से शहर का तापमान दिन भर कम रहा और दिन में भी ठंडी हवाओं की वजह से ठिठुरन का अहसास था।
अधिकतम तापमान औसत तापमान से करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस उतर गया। शहर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम करीब एक डिग्री की गिरावट के साथ 12.7 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शहर में तापमान में गिरावट का दौर अभी चलेगा।
उत्तरी हवाओं ने उतारा पारा, चढ़ाई सर्दी
अरब सागर में बने डिप्रेशन की वजह से शहर में नमी व बादलों की आवाजाही बढ़ गई थी तथा दो दिन पहले शहर में तेज बौछारे व बूंदाबांदी भी हुई। इसका असर शनिवार से कम हुआ और तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया। इस डिप्रेशन की वजह से हवाएं गर्म व दक्षिणी थी, जो बदलकर उत्तरी व सर्द होने लगी हैं। यही कारण है कि शहर का अधिकतम व न्यूनतम तापमान लगातार उतरा।
शहर में अलसुबह ठंडी व उत्तरी हवाएं चल रही थीं। इससे दिन निकलने के बाद भी खुली धूप नहीं निकली व 12 बजे तक ठिठुरन बरकरार थी। दिन में भी ठंडी हवाएं चलने से दोपहर में भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम के बाद ठंड और बढ़ी और तापमान में गिरावट शुरू हुई। शहर में अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। ज्ञात रहे कि दिसंबर माह में शहर का औसत अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ