जिले में गुरुवार को निकली धूप से आमजन को सर्दी से थोड़ी निजात तो मिली लेकिन शीतलहर ने ठिठुरन बनाए रखी। हालांकि मौसम वेबसाइट के अनुसार बुधवार रात्रि को इस सीजन का सबसे कम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को उच्चतम तापमान 15 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में औसतन 10 डिग्री से नीचे पारा पहुंच चुका है इसी वजह से शाम के बाद ठंडी हवाएं शुरू हुई जो देर रात तक चलती रही। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी सुबह और रात का कोहरा बरकरार रहेगा। दिन में तापमान में गिरावट की संभावना है और शीतलहर जारी रहेगी।
20 दिसंबर तक सर्दी से राहत के कोई संकेत नहीं
हालांकि, मौसम विभाग ने 18 दिसंबर तक प्रदेश के 9 जिले शीतलहर की चपेट में बने रहने की चेतावनी जारी की हैं। इसमें पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर, जबकि पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और नागौर जिले शामिल हैं। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हनुमानगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं उदयपुर, कोटा और जोधपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
उत्तरी हवाओं से गिरा पारा: हवाओं की दिशा से बदलने तापमान में गिरावट आई है। पिछले तीन दिनों से जिले में उत्तरी हवा चलने से पारा लगातार गिरा। अभी मौसम शुष्क है, हवा में भी नमी है, ऐसे में सर्द हवाएं चलने से गलन और बढ़ गई। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तरी हवाओं के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने से तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिर गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ