डेकॉय ऑपरेशन में पुलिस के पब्लिक से सलूक की पोल खुली, 29 पर कार्रवाई, 1 का व्यवहार सही मिला

कमिश्नरेट पुलिस थानों में आमजन के साथ उचित व्यवहार को जांचने के लिए आयुक्तालय की तरफ से डेकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इसमें कुछ खामी नजर आते देख पुलिस आयुक्त ने एक पुलिसकर्मी को जहां सम्मानित किया तो एक को सस्पेंड कर दिया। वहीं 29 पुलिसकर्मियों पर कोताही मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई विभागीय स्तर पर होगी।

जोधपुर पुलिस आयुक्त की ओर से अलग-अलग पुलिस थानों में कराए गए डेकॉय ऑपरेशन के दौरान इन पुलिसकर्मियों का व्यवहार सामने आया था। बता दें कि कुछ दिन पूर्व डांगियावास पुलिस थाने में डेकॉय ऑपरेशन की बात सामने आई थी, लेकिन कमिश्नर जोस मोहन ने सभी थानों में डेकॉय ऑपरेशन चलाया। इसके नतीजे अब सामने आए हैं। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने पाया कि आमजन के साथ थानों में आने वाले फरियादियों की सुनवाई का तरीका सही नहीं हैं। कइयों का व्यवहार तो निराशाजनक रहा।
शुक्रवार को पुलिस आयुक्त ने डेकॉय ऑपरेशन की पूरी रिपोर्ट देखने के बाद एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया, जबकि 29 अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एक पुलिसकर्मी का फरियाद लेकर पहुंचे लोगों के साथ व्यवहार अच्छा पाया गया। इस पर उसे सम्मानित करने का फैसला किया गया। ताकि उससे प्रेरित होकर अन्य पुलिसकर्मी भी अपना व्यवहार सुधार सकें।

अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये पुलिसकर्मी किस-किस पुलिस थाने के हैं। राज्य के पुलिस कप्तान एमएल लाठर ने कार्यभार ग्रहण करते ही पुलिस थानों में फरियाद लेकर आने वाले लोगों के प्रति पुलिस के रवैये में सुधार के लिए सभी जिलों में डेकॉय ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ