जनवरी से 23 काॅलेजों में ज्ञान गंगा प्रशिक्षण, शिक्षकों में ज्ञान संवर्द्धन के लिए होगा कार्यक्रम

राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत संकाय सदस्यों को उनके संबंधित विषयों में अद्यतन ज्ञान संवर्द्धन, शोध अभिवृत्ति प्रोत्साहन, कक्षा अध्यापन कौशल विकास एवं नवाचार परक शिक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए कॉलेज शिक्षा विभाग द्वारा ज्ञान गंगा कार्यक्रम आरंभ किया है।

इसके अंतर्गत बीकानेर कॉलेज, कला सीकर एवं कन्या महाविद्यालय द्वारा शार्ट टर्म प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाए गए। एसबीके राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार दलाल ने बताया कि इन कार्यक्रमों के लाभार्थी शिक्षकों द्वारा दिए गए फीडबैक एवं शिक्षा गुणवत्ता सुधारने में इस कार्यक्रम की उपादेयता को देखते हुए इसे वृहद स्तर पर क्रियांवित करवाने के लिए 11 जनवरी से 20 फरवरी 2021 तक 5 चरणों में 23 राजकीय महाविद्यालयों को ज्ञान गंगा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन का दायित्व दिया है।

इन महाविद्यालय द्वारा कुल 46 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। आयुक्त कॉलेज शिक्षा संदेश नायक ने बताया कि ज्ञान गंगा कार्यक्रम में प्रत्येक विषय के अंतर्गत 6 दिन के शार्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। जिसमें राज्य के महाविद्यालयों के श्रेष्ठ शिक्षकों, विश्वविद्यालय से आमंत्रित संकाय सदस्यों एवं राज्य के बाहर के श्रेष्ठ शोधपरक अभिवृत्ति वाले शिक्षाविदों को रिसोर्स पर्सन के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों को आयोजक महाविद्यालयों में स्थापित नवाचार कौशल विकास प्रकोष्ठ के द्वारा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राज्य स्तर पर इस योजना की क्रियांवित की मॉनिटरिंग एवं कोआर्डिनेशन के लिए आयुक्तालय के नवाचार प्रकोष्ठ को प्रभारी बनाया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ