राजस्थान के समस्त राजकीय और निजी आयुष कॉलेज व विश्वविद्यालय में संचालित आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, प्राकृतिक चिकित्सा और योग के स्नातक पाठ्यक्रमों में सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया यूजी, पीजी आयुष काउंसलिंग बोर्ड द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।
काउंसलिंग बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि सत्र 2020-21 में आयुष स्नातक पाठयक्रमों में प्रवेश के लिए 20 दिसंबर तक नीट-2020 पात्रता परीक्षा में योग्यता धारक अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। शर्मा ने बताया कि बीएनवाइएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए नीट परीक्षा देने या उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन नीट योग्यता धारक अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कोटे की सीटों, राज्य कोटे की सीटों और एनआरआई कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्रथम चरण की काउंसलिंग के लिए 20 दिसंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रवेश के लिए सर्वप्रथम राज्य की निजी विवि, महाविद्यालयों में अखिल भारतीय कोटे की 15 प्रतिशत सीटों पर 25 दिसंबर को सीटों का आवंटन किया जाएगा। दिव्यांग, रक्षा एवं पैरामिलिटरी और एनआरआई कोटे के अभ्यर्थियों की मैरिट सूची तथा दस्तावेज-सत्यापन का कार्य संपादित करके सभी श्रेणियों की राज्य कोटे की सीटों का आवंटन 19 जनवरी 2021 को किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ