प्रधान कानावत के पद ग्रहण से पहले गाेमूत्र छिड़का 2 घंटे शुद्धिकरण यज्ञ, काेटड़ी के भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिसर में गंगाजल भी छिड़का

पंचायत समिति में शनिवार को भाजपा के नवनिर्वाचित प्रधान करणसिंह कानावत ने पद संभाला। उन्हाेंने मुख्य द्वार की चौखट पर मत्था टेक कर प्रवेश किया।
विधायक गोपीचंद मीणा व उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर के सान्निध्य में इससे पहले ठाकुरजी की पूजा की। इसके पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने समिति कार्यालय के मुख्य द्वार व प्रत्येक कक्ष में गंगाजल व गोमूत्र से छिड़काव किया। इसके बाद 2 घंटे तक परिसर में शुद्धिकरण यज्ञ हुआ। शास्त्री सत्यनारायण सहित पांच पंडितों के सानिध्य में यज्ञ में उप प्रधान कैलाशचंद्र सुथार समेत क्षेत्र के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दी। पूर्व प्रधान जमना लाल डीडवानिया आदि मौजूद थे।

कार में पुराना रिकॉर्ड ले जाते पकड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं ने
पंचायत समिति कार्यालय के मैन गेट पर जब भाजपा कार्यकर्ता हवन कर रहे थे, पीछे के गेट से कुछ कर्मचारियों ने पुराना रिकॉर्ड निकालकर एक कार में रख लिया। वे इसे ले जाने की तैयारी में थे।

भनक लगने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। कार्यकर्ता व पंचायत समिति के कर्मचारी उलझ पड़े। सूचना पर थानाधिकारी नंदसिंह चौहान जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। उप प्रमुख शंकरलाल गुर्जर व प्रधान करणसिंह कानावत भी पहुंच गए।

पुलिस ने कार में रखे कागजात वापस पंचायत समिति में रखवाकर ताला लगवाया। बता दें कि यहां पूर्व बाेर्ड कांग्रेस का था। इधर, कर्मचारी ललितकुमार ने कहा कि पुराना रिकॉर्ड व कुछ तस्वीरों को दूसरे कमरे में रखना था। चाबी नहीं होने से कर्मचारी ने रिकॉर्ड गाड़ी में रख दिया था। जिससे गलतफहमी हाे गई थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पुराने रिकॉर्ड ले जाती कार को घेर कर खड़े कार्यकर्ता ।


टिप्पणियाँ