सरकारी व ओरण-गोचर की भूमि पर हो रहे अवैध खनन को लेकर एसडीएम सख्त रवैया अपनाए हुए है। रविवार को एसडीएम नरेश सोनी व डीएसपी सुभाषचंद्र खोजा ने खेड़ व आसोतरा गांव की सरहद में अवैध खनन करते दो हिटैची, एक जेसीबी मशीन सहित 18 डंपर जब्त किए। जब्त वाहनों को जसोल चौकी में खड़ा करवाया गया। वहीं खनन विभाग को विभागीय कार्रवाई की सूचना दी गई। अवैध खनन के खिलाफ एसडीएम की लगातार कार्रवाई के चलते माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई की जानकारी के बाद होटल-रेस्टोरेंट व ढाबों के आगे डंपरों का जमावड़ा देखा गया।
खेड़ गांव की सरहद में रेत के अवैध खनन की जानकारी पर रविवार सुबह 11.30 बजे एसडीएम नरेश सोनी व डीएसपी सुभाषचंद्र खोजा मौके पर पहुंचे। जहां से रेत भरवाते एक जेसीबी के साथ रेत से भरे एक डंपर सहित चार वाहनों काे जब्त किया। सभी वाहनों को जसोल चौकी में खड़ा करवाया गया। इसके कुछ देर बाद ही आसोतरा गांव ही पहाड़ी में लीज के बाहर सरकारी जमीन पर खनन करते दो हिटैची, कंकरीट से भरे 6 डंपर व 8 खाली डंपर जब्त किए गए। ज्ञात रहे कि भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग का कार्य प्रगति पर है।
निर्माण कार्य में लगी कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण इलाकों में रेत, ग्रेवल व कंकरीट का अवैध खनन कर रही है। इसे लेकर कुछ दिन पहले ही एसडीएम ने आसोतरा सरहद में कार्रवाई करते हुए मशीन व डंपर जब्त किए थे। इसी तरह आसोतरा की पहाड़ी में आवंटित लीज के दायरे से बाहर जाकर पत्थर का अवैध खनन कर कंकरीट सप्लाई की जा रही थी। वहीं सरकारी जमीन पर धर्मकांटा भी चल रहा था। अवैध खनन के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायत पर रविवार को दिन भर एसडीएम के नेतृत्व में कार्रवाई जारी रही।
इस दिन कुल 18 डंपर के साथ दो हिटैची व एक जेसीबी मशीन जब्त की। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार शैतानसिंह चौहान, पटवारी जयपाल करीर, भवानीसिंह राजपुरोहित, आरटीओ इंस्पेक्टर सुनिल कुमार की टीम मौजूद रही।
एक सप्ताह पहले टीम की बड़ी कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन का कारोबार जारी
आसोतरा गांव में भारतमाला प्रोजेक्ट में सड़क निर्माण का कार्य कर रही लक्ष्मी इंफ्रा की ओर से अवैध रेत खनन की शिकायत पर 20 दिसंबर को एसडीएम व डीएसपी ने कार्रवाई करते हुए दो मशीनें व आठ डंपर जब्त किए थे। इसी दिन रात के समय कनाना गांव में अवैध बजरी खनन की शिकायत पर 11 डंपर व जेसीबी मशीन जब्त किए थे। अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के चलते माफियाओं में खौफ सा माहौल है।
खेड़ व आसोतरा में अवैध खनन पर 18 डंपर व एक जेसीबी को जब्त किया
^खेड़ में रेत के अवैध खनन की कार्रवाई पर दबिश दी गई, जहां रेत परिवहन करते 4 डंपर व एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया। वहीं आसोतरा गांव की सरहद में सरकारी जमीन पर धर्मकांटा का संचालन व सरकारी जमीन पर अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। मौके से 14 डंपर के साथ मशीनें जब्त की गई। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- नरेश सोनी, एसडीएम बालोतरा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ