(विनोद मित्तल). आरएएस भर्ती के अटकने के एक दिन बाद ही अब ढाई साल पहले शुरू हुई पूर्व प्राथमिक शिक्षक (एनटीटी) भर्ती भी अटक गई है। महिला बाल विकास विभाग ने अभी तक इस भर्ती के लिए पाठ्यक्रमों की समकक्षता ही तय नहीं कर पाया है। यह स्थिति तो तब है जब इस भर्ती में 504 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन तक कर लिया गया।
अब दूसरे चरण के दस्तावेज सत्यापन के बीच महिला बाल विकास विभाग ने शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर इस भर्ती के लिए पाठ्यक्रमों की समक्षता निर्धारण पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इस पत्र के बाद दूसरे चरण के दस्तावेज सत्यापन के काम को स्थगित कर दिया गया। इस कारण पहले चरण में चयनित हो चुके 504 अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर भी संकट खड़ा हो गया है।
इस भर्ती के 1350 पदों में से केवल 504 ही योग्य मिलने के कारण 846 पद खाली रह गए थे। इन खाली पदों को भरने के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 2095 नए अभ्यर्थियों को दस्तावेज जांच के लिए सूचीबद्ध किया था। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का काम 14 दिसंबर से शुरू हो गया था और 29 दिसंबर तक चलना था। लेकिन बीच में ही पत्रबाजी से दस्तावेज जांच शुरू हो गई। भर्ती अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई।
^कुछ अभ्यर्थी कोर्ट में गए थे। इसके बाद इस भर्ती के लिए जरुरी डिग्री की समकक्षता को लेकर कुछ नए तथ्य विभाग के सामने आए। इन तथ्यों को लेकर शिक्षा विभाग को पत्र लिखा गया है। समकक्षता निर्धारण को लेकर शिक्षा विभाग से स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- केके पाठक, सचिव, महिला बाल विकास विभाग
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ