केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 31 जनवरी को सीटेट का आयोजन किया जाएगा। इस बार राजस्थान सहित देश के 135 शहरों में इस परीक्षा का आयोजन होगा। सीबीएसई की ओर से पूर्व में 5 जुलाई 2020 को इस परीक्षा का आयोजन किया जाना था, लेकिन कोविड-19 व प्रशासनिक कारणों के चलते इस परीक्षा का आयोजन नहीं हो सका। अब इस परीक्षा का आयोजन अगले साल जनवरी के अंत में होने जा रहा है। सीबीएसई ने कोविड-19 को देखते हुए अभ्यर्थियों से परीक्षा शहरों के विकल्प भी भरवा लिए हैं। इसके लिए 26 नवंबर तक का समय दिया गया था।
परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ सकती है
सीबीएसई ने कोविड-19 को देखते हुए परीक्षा के लिए शहरों की संख्या बढ़ाई है। ऐसे में अब परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ सकती है। सीबीएसई की ओर से सीटेट जुलाई 2019 परीक्षा का आयोजन 114 शहरों में किया गया था। इस परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 29.22 लाख आवेदकों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था जिसमें से 23.77 लाख आवेदक परीक्षा में उपस्थित हुए थे। इनमें से 3.52 लाख आवेदकों ने परीक्षा में क्वालिफाई किया था। अब जनवरी में होने वाली सीटेट में परीक्षा शहरों की संख्या ही बढ़ कर 135 हो गई है। पहली बार सीबीएसई एक साथ इतने शहरों में सीटेट का आयोजन करने जा रही है।
ये 23 नए शहर बढ़ाए : सीबीएसई की ओर से जनवरी में होने वाली सीटेट के लिए कुल 23 नए शहर बढ़ाए गए हैं। इनके नाम ये हैं- लखीमपुर, नागांव, बेगूसराय, गोपालगंज, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा, सारण, भिलाई / दुर्ग, बिलासपुर, हजारीबाग, जमशेदपुर, लुधियाना, अम्बेडकर नगर, बिजनौर, बुलंदशहर, देवरिया, गोंडा, मैनपुरी, प्रतापगढ़, शाहजहाँपुर, सीतापुर और उधम सिंह नगर। राजस्थान में अजमेर, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में परीक्षा होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ