नगरपालिका चुनाव को अब मात्र दो दिन बचे हैं और तीसरे दिन मतदान है। अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रत्याशी पूरा प्रयास कर रहे हैं। नगरपालिका चुनाव में जहां प्रत्याशियों के लिए जहां एक-एक वोट महत्वूपर्ण है। इसका उदाहरण है कि पिछली बार एक वार्ड में दोनों प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले थे और फैसला लॉटरी से हुई था।
इस बार चुनाव लड़ रहे 12 प्रत्याशी अपना वोट खुद को नहीं दे पाएंगे। क्योंकि उनके द्वारा भरे गए नामांकन पत्र में उनका नाम दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में बताया गया है। इनमें 5 भाजपा, 5 कांग्रेस व 2 निर्दलीय है। वार्ड 11 के कांग्रेस, बीजेपी व निर्दलीय तीनों प्रत्याशी तथा वार्ड 12 के बीजेपी कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों के नाम दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में है।
उल्लेखनीय है कि पहले 25 वार्ड थे और परिसीमन के बाद 35 वार्ड हो गए हैं। ऐसे में हो सकता है इन प्रत्याशियों द्वारा जिन वार्ड में चुनाव लड़ रहे हो वो उनके पुराने वार्ड का हिस्सा हो या हो सकता है इस वार्ड में उनका निवास हो लेकिन नाम मतदाता सूची में नहीं है।
कांग्रेस के प्रत्याशी
वार्ड 1 से तेजाराम चोयल जिनका स्वयं का नाम वार्ड 2 की मतदात सूची में है। इसी तरह वार्ड 2 की विजयलक्ष्मी का नाम वार्ड 1 में, वार्ड 11 के चैनाराम का नाम वार्ड 13 में, वार्ड 12 के फकीर मोहम्मद का नाम वार्ड 10 में तथा वार्ड 14 की प्रत्याशी सुशीला देवी का नाम वार्ड 13 की मतदात सूची में है।
भाजपा के प्रत्याशी
वार्ड 6 से रमेश राठौड़ का नाम वार्ड 5 में, वार्ड 11 से जगदीश प्रसाद आसेरी का नाम वार्ड 18 में, वार्ड 12 के आकिब जावेद का नाम वार्ड 13 में, वार्ड 13 की रूबिना पठान का नाम वार्ड 23 में तथा वार्ड 15 के प्रत्याशी रूपसिंह सीरवी का नाम वार्ड 20 की मतदाता सूची में है।
निर्दलीय प्रत्याशी
वार्ड 11 से निर्दलीय प्रत्याशी त्रिलोक कुमार का नाम वार्ड 10 की मतदात सूची में तथा वार्ड 16 के निर्दलीय प्रत्याशी श्यामलाल का नाम वार्ड 18 की मतदाता सूची में है।
9 दिसंबर से 48 घंटों के लिए सूखा दिवस घोषित
चुनाव को लेकर 48 घंटों का सूखा दिवस घोषित किया गया है। रिटर्निंग अधिकारी शैतान सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 9 दिसंबर को शाम 5 बजे से लेकर 11 दिसंबर शाम 5 बजे तक शहर में सूखा दिवस रहेगा। यह सूखा दिवस पीपाड़ शहर के निर्वाचन क्षेत्र व उससे लगते 5 किमी एरिया में रहेगा।
पीपाड़-बिलाड़ा में 11 को अवकाश
नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदान के दिन 11 दिसंबर को अवकाश घोषित किया गया। रिटर्निंग अधिकारी शैतानसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 11 दिसंबर को मतदान होगा। जिसके चलते अवकाश घोषित किया। अवकाश मतदान क्षेत्र में आनेवाले सभी कार्यालयों में रहेगा।
प्रशासन तैयारियों में जुटा, 90 ईवीएम मशीन पीपाड़ पहुंची
34 वार्डों के लिए 48 बूथ बनाए गए 48 ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में रखवाया,
नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कन्या महाविद्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है। 90 ईवीएम मशीनें पीपाड़ पहुंच गई। रिटर्निंग अधिकारी शैतान सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 48 मशीनों की कमिश्निंग कर स्ट्रांग रूम में रखी गई।
34 ईवीएम मशीनों को रिजर्व में रखा गया है। 8 को अतिरिक्त में रखा गया । शांतिपूर्ण मतदान को लेकर दो एरिया मजिस्ट्रेट व 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। चुनाव प्रभारी नरेंद्र शर्मा ,भवानी सिंह चौहान ,फखरुद्दीन आदि कर्मचारी तैयारियों में जुटे हैं।
30 बूथ अतिसंवेदनशील व 4 संवेदनशील
पीपाड़ शहर. 34 वार्डों कुल 48 बूथ बनाए गए। इनमें 30 बूथ अतिसंवेदनशील व 4 संवेदनशील हैं। इन बूथों केंद्रों पर अतिरिक्त जाब्ता के साथ पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ