हर दिन मिलने वाले संक्रमितों का आंकड़ा 11 गुना कम हुआ, कोविड अस्पताल में अब सिर्फ 14 कोरोना रोगी भर्ती

बहुत खुश मत होहिए! क्योंकि-जागरूकता, मास्क और सोशल डिस्टेंस के दम पर हमने कोरोना को हराने की तरफ सिर्फ एक कदम आगे बढ़ाया है। अभी मरीजों की संख्या को 00 पर लाने की जरूरत है। हालांकि अच्छी बात यह है कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है।

छह महीने बाद हर दिन संक्रमित मिलने वाले मरीजों का आंकड़ा 11 गुना कम हो गया है। संक्रमण दर गिरकर 2.69 फीसदी आ गई है। नवंबर में यह 20 फीसदी थी। दो मंत्र, चेहरे पर मास्क और सोशल डिस्टेंस जीवन में कुछ दिन और अपनाए गए तो हम कोरोना को पूरी तरह हरा देंगे। जुलाई में एक्टिव मरीजों की संख्या 278 थी। अगस्त से नवंबर तक एक्टिव मरीजों की संख्या 1697 पर पहुंच गई थी। दिसंबर में कोरोना कमजोर होना शुरू हुआ तो तस्वीरें बदलने लगी है। दिसंबर में 19,523 के सैंपल लिए। इनमें 526 ही पॉजिटिव निकले। अकेले दिसंबर में 1421 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं।

ऑक्सीजन सिलेंडर-कम जरूर हुए, लेकिन हटे नहीं हैं
कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडरों की जरूरत कम पड़ने लगी है। 22 दिन में सिलेंडरों की संख्या 200 से घटकर 40 हो गई है। यह संख्या और गिरे, इसके लिए जरूरी है कि सभी गाइडलाइन की पालना करें। हम सभी गाइडलाइन की पालना करके ही कोरोना को हरा सकते हैं।

आईसीयू-कोरोना को आईसीयू में भेजने के लिए मास्क जरूरी है : सांवली में 300 बैड के कोविड अस्पताल में अब 14 मरीज ही भर्ती है। इनमें गंभीर मरीजों की संख्या 2 है। इन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। सेमी आईसीयू और जनरल वार्ड में 12 मरीज भर्ती है। अब जरूरी है कि चेहरे पर मास्क बिल्कुल भी नहीं हटे।

एक्टिव-याद रखिए, कोरोना अभी भी एक्टिव है : दिसंबर महीने में 19523 सैंपल लिए गए। इनमें से 526 पॉजिटिव मिले। रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या 1421 रही। अभी जिले में 276 मरीज एक्टिव है। इसका मतलब है-कोरोना अभी एक्टिव है। इसलिए हमें सोशल डिस्टेंस की पालना अभी भी करनी होगी।

चेतावनी-कोरोना अपना रंग बदल रहा है : कोरोना वायरस हाल ही में म्यूटेड हुआ है। नया स्ट्रेन 70 फीसदी ज्यादा संक्रमण फैलाने की ताकत रखता है। वायरस के इस स्ट्रेन की पहचान इंग्लैंड, नीदरलैंड में हुई। इसलिए भारत सरकार ने वहां से आने वाली फ्लाइट रोक दी है। इसलिए नियमों की पालना हर हाल में करनी होगी।

जिले में 20 नए कोरोना पॉजिटिव, 53 स्वस्थ
सीकर | जिले में बुधवार को 20 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। अब तक कोरोना वायरस से 9212 संक्रमित हो चुके हैं। इनमे से 8875 स्वस्थ हो चुके हैं। 242 जने फ़िलहाल उपचाराधीन है। बुधवार को सीकर शहर में 8 जने पॉजिटिव मिले है। फतेहपुर ब्लाक में 3, कूदन ब्लाक में 4, लक्ष्मणगढ़ ब्लाक में 2, नीमकाथाना, पिपराली और दांता ब्लाक में एक एक नए कोरोना वायरस से संक्रमित मिले है। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्र में कन्टेनमेंट बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से स्प्रे, सैम्पलिंग व सैनेटाइजेशन की गतिविधि की गई हैं। फिलहाल, 830 सैम्पल प्रक्रियाधीन हैं। रिकवरी दर 96.34 प्रतिशत रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सांवली के कोविड सेंटर में खाली पड़े बेड। मरीजों की संख्या कम होने के साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर की खपत भी काफी कम हो गई है।


टिप्पणियाँ