अजीतगढ़ पंस. का पहला चुनाव, जिला परिषद के पांच में से तीन वार्डों में माकपा ने बनाए त्रिकोणीय समीकरण

(चैतन्य कुमार मीणा). अजीतगढ़ पंचायत समिति के लिए यह पहला चुनाव होगा। इसलिए पहला प्रधान बनने की उपलब्धी के लिए कई नेता खुद चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं तो कई सरपंच और पूर्व सरपंचों ने परिवार के सदस्यों को उम्मीदवार बनाया है। यहां कांग्रेस को बगावत का सामना करना पड़ रहा है तो माकपा कई वार्डों में त्रिकोणीय संघर्ष बना रही है। इन सबके बीच निर्दलीय और आरएलपी प्रत्याशी अपनी जगह तलाश रहे हैं। यहां एक दिसंबर को मतदान होगा। यहां 23 सीटों के लिए 67 प्रत्याशी मैदान में हैं।

वार्ड 18 हाॅट सीट बनी हुई हैं। क्योंकि भाजपा से पंचायत समिति सदस्य रही कांता गोयल ने इस बार कांग्रेस का दामन थामा है। भाजपा ने पूर्व सरपंच जगदीश चौधरी की पुत्रवधु सर्मिलादेवी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं वर्तमान सरपंच संतोषदेवी ने कांग्रेस से बगावत पुत्रवधु प्रिया अग्रवाल को निर्दलीय को चुनाव में उतारा हैं।

हाथीदेह पूर्व सरपंच प्रमोद स्वामी को वार्ड से 10 से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा से सायरमल प्रत्याशी है। कांग्रेस ने वार्ड 13 में सिहोड़ी सरपंच सुन्दरलाल भावरिया की पुत्रवधु पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुमित्रा को प्रत्याशी बनाया है। इनके सामने भाजपा से प्रेम चौधरी व निर्दलीय मीना पलसानिया प्रत्याशी है। वार्ड 15 में गढटकनेत की पूर्व सरपंच रामप्यारी दूधवाल भाजपा प्रत्याशी है। इसी वार्ड में इनकी पुत्रवधु कमलेश देवी निदर्लीय प्रत्याशी हैं।

हालांकि पुत्रवधु का कहना है कि वो चुनाव में सास रामप्यारी के साथ ही हैं। डमी फार्म लगाया था, लेकिन नामांकन वापस नहीं ले पाए। इन्हें बेट बल्ला चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। वार्ड 17 काफी हाॅट सीट बनी हुई हैं। यहां जुगराजपुरा के पूर्व सरपंच पति बन्नाराम कांग्रेस प्रत्याशी है। जबकि भाजपा से मोहन यादव है। लेकिन पूर्व जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य सीताराम जाट कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव मैदान में डटे हैं। माकपा के अनिल यादव के कारण चतुर्थकोणीय संघर्ष बना हुआ है।

67 प्रत्याशियों में तीन निरक्षर तो एक बीटेक
चुनाव मैदान में 67 में से महज तीन प्रत्याशी निरक्षर और 20 साक्षर है। 8 उच्च प्राथमिक, 4 सैकण्ड़री और 6 सीनीयर सैकण्ड़री तक पढे लिखे हैं। 11 स्नातक, 6 पोस्ट ग्रेज्युएट, 5 व्यावसायिक डिग्री, 1 बीटेक, 2 एलएलबी प्रत्याशी हैं। सर्वाधिक किसान व गृहणी चुनाव मैदान में हैं।
79 वर्षीय हनुमान सिंह सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी
79 साल के हनुमानसिंह शेखावत सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी है। वे वार्ड 19 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। शेखावत पूर्व सैनिक होने के साथ पंचायतीराज में कई पदों पर रह चुके हैं। वार्ड तीन से भाजपा प्रत्याशी गीता गुर्जर सबसे युवा उम्मीदवार है।

भाजपा-कांग्रेस के बागी, माकपा व आरएलपी बना रहे नए समीकरण
8 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हैं। यहां दो-दो प्रत्याशी ही मैदान में हैं। 11 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। वार्ड 14, 15 में चार-चार एवं वार्ड 17, 19 में पांच-पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बागी, माकपा, आरएलपी व निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।

अजीतगढ़ में जिला परिषद के पांच वार्डों में चुनावों में अलग समीकरण बन रहे हैं
वार्ड 27 में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस के संतोष कुमार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वार्ड 20 में भाजपा के महेन्द्र कुमार, कांग्रेस के बाबूलाल कुरडिया व माकपा की मधू रैगर के बीच भाजपा के बागी डाॅ.औमप्रकाश वर्मा के मैदान में आने से कड़ा मुकाबला है। वार्ड 21 में कांग्रेस के गणेश बड़सीवाल, भाजपा से पूर्व जिला परिषद सदस्य बीना वर्मा, माकपा के मदन लाल के बीच मुकाबला है। वार्ड 22 में कांग्रेस के कैलाश चन्द्र व भाजपा के सीताराम यादव के बीच मुकबाला हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अजीतगढ़. अजीतगढ़ पंचायत समिति वार्ड 15 में भाजपा प्रत्याशी के साथ बहु निर्दलीय प्रत्याशी कमलेश देवी जनसंपर्क करके सास रामप्यारी के लिए वोट मांगते हुए।


टिप्पणियाँ