प्रदेश में सरकारी बिजली निगमों में बिजली चोरी पकड़ने व वीसीआर भरने की मॉनिटरिंग अब मोबाइल एप के जरिए होगी। बिजली चोरी व ज्यादा लोड की विजिलेंस चैकिंग रिपोर्ट (वीसीआर) अब मोबाइल एप पर ऑनलाइन भरी जाएगी। ताकि विजिलेंस चैकिंग व जुर्माना लगाने के मामले में पारदर्शिता रहे।
डिस्कॉम प्रबंधन का दावा है कि मोबाइल एप के बाद विजिलेंस की कार्रवाई में पारदर्शिता आएगी और बिजली चोरी कम होने से छीजत में कमी आएगी। फिलहाल विजिलेंस विंग के लिए बने मोबाइल एप को जयपुर डिस्कॉम में लागू किया जा रह है।
इसके बाद जोधपुर डिस्कॉम व अजमेर डिस्कॉम के लिए भी विजिलेंस एप बनाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला ने शुक्रवार को मोबाइल का विजिलेंस एप लांच किया है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव व डिस्कॉम चेयरमेन दिनेश कुमार, जयपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला ने बताया कि एप को विद्युत विनियामक आयोग के नियमों के अनुसार तैयार किया है। उपभोक्ताओं की सुविधाओं के लिए डिस्कॉम ‘सेल्फ बिलिंग एप‘ भी तैयार कराया जा रहा है। पिछले दो साल में बिजली की छीजत में 2.6 प्रतिशत की कमी आई है।
प्रदेश में छीजत को 2023 तक 15 प्रतिशत तक लाने के लिए सिस्टम में सुधार किया जा रहा है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव व डिस्कॉम चेयरमेन दिनेश कुमार ने बताया कि सिस्टम में पारदर्शिता के लिए एप बनाया है। जयपुर डिस्कॉम के एमडी एके गुप्ता ने बताया कि एप से विजिलेंस से जुड़ी सूचना रोजाना अपडेट होगी। डिस्कॉम की आईटी विंग के अधीक्षण अभियंता एके त्यागी ने एप के फीचर्स और इसकी प्रक्रिया के बारे में बताया।
ऐसे काम करेगा विजिलेंस एप
एप में बिजली चोरी पकड़ने वाली जगह के जिओ कॉर्डिनेट स्वत: ही कैप्चर हो जाएंगे। फोटो व वीडियो अपलोड हो जाएंगे। वीसीआर नंबर भी जांच स्थल पर जनरेट हो जाएंगे इससे ऑनलाइन वीसीआर भरे जाने के बाद जांच अधिकारी द्वारा किसी भी बदलाव या गफलत की संभावना नहीं रहेगी। जुर्माना राशि भी कम या ज्यादा नहीं की जा सकेगी।
मौके पर फोटो, पत्रावलियां व वीडियो अपलोड हो जाने से विजिलेंस कार्रवाई में पारदर्शिता आएगी। मौके पर ही उपभोक्ता व जांच अधिकारी के हस्ताक्षर मोबाइल स्क्रीन पर हो सकेंगे। जांच के साथ ही उपभोक्ता को उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस से विजिलेंस कार्रवाई की सूचना मिल जाएगी। जुर्माना राशि की तत्काल गणना हो जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ