जयपुर में दुष्कर्म के केस में सात महिने से फरार था युवक, दीपावली की रात को पीड़िता के घर पहुंचा और पेट्रोल पटककर लगा दी आग

शहर के कोतवाली थाना इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक महिला से दुष्कर्म करने के मामले में करीब सात महिनों से फरार चल रहा आरोपी युवक दीपावली की रात को पीड़िता के घर पहुंचा। वहां दुष्कर्म के आरोपी ने घर में घुसते ही कमरे में अकेली मौजूद पीड़िता पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। इस वारदात में नाबालिग बच्ची भी लपटों से घिरी अपनी मां को बचाने के प्रयास में जल गई। घटना का पता चलने पर कोतवाली थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे।

इसके बाद तत्काल टीमें गठित कर मुख्य आरोपी, उसके दो बड़े भाईयों और बुजुर्ग पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश कर 18 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि मुख्य आरोपी के दोनों भाईयों और पिता ने वहां पत्थर फेंके। उसका सहयोग किया। जिसकी जांच की जाएगी।

कोतवाली थानाप्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रमेशचंद कोली (40), मनमोहन कोली (35), लेखराज कोली (28) है। ये तीनों सगे भाई है। इसके अलावा गिरफ्त में आया चौथा आरोपी कन्हैयालाल कोली (70) है, जो कि तीनों आरोपियों का पिता है। ये सभी गणगौरी बाजार में चौगान स्टेडियम के पास केशव कॉलोनी में रहते है। इन सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें वारदात का मुख्य आरोपी लेखराज कोली है।

दुष्कर्म का केस दर्ज करवाने पर आग लगाने का मामला:
जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय मुख्य आरोपी लेखराज के खिलाफ 37 वर्षीया महिला ने लॉक डाउन के पहले घर में घुसकर दुष्कर्म करने का केस दर्ज करवाया था। इसके बाद आरोपी लेखराज फरार हो गया था। पुलिस भी उसे गिरफ्तार करने में असफल रही। पीड़िता ने पर्चा बयानों में बताया कि वह 14 नवंबर को दीपावली की शाम करीब 7:15 बजे को घर पर अकेली थी। उनके पति कॉलोनी में बने मंदिर में दीपक जलाने गए थे।

पहले पेट्रोल उड़ेला, फिर घर में जल रहे दीपक फेंककर आग लगा दी
पीड़िता के मुताबिक मौका पाकर लेखराज घर में घुस गया। उसने मुझ पर पेट्रोल उडे़ल दिया और जलते हुए दीपक मुझ पर फेंककर आग लगा दी। वहां से भाग निकला। तब चीख पुकार मचा रही मां को आग को लपटों से घिरा हुआ बेटी आई तो वह भी झुलस गई। इस बीच महिला का पति घर पहुंचा। तब उसने आस-पड़ोस के लोगों की मदद से आग को बुझाया। इसके बाद पत्नी व बेटी को एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जयपुर में दीवाली की रात को दुष्कर्म का आरोपी लेखराज पीड़िता के घर में घुसा। उसने पीड़िता पर पेट्रोल उडे़ला और जलते हुए दीपक फेंककर आग लगा दी। मां को बचाने में नाबालिग बच्ची भी झुलस गई।


टिप्पणियाँ