पटाखों पर रोक के बावजूद जिला प्रशासन ने आगजनी के डर से तैनात की फायर ब्रिगेड

सरकार ने भले ही जयपुर सहित पूरे प्रदेश में दीपावली पर इस बार आतिशबाजी व पटाखे चलाने पर रोक लगा रखी हो। लेकिन प्रशासन ने इस बार भी पहले की तरह दीपोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। दीपावली पर किसी तरह की आगजनी होने या कोई अन्य घटना होने की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर ने शहर के कई थानों में फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां तैनात करने के निर्देश दिए है। साथ ही तमाम अधिकारियों को बिना सूचना के 13 से 16 नवंबर तक हैडक्वार्टर न छोड़ने के लिए कहा है।

जयपुर जिले में दीपावली को लेकर जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह से मुस्तैद है। जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा ने सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। नेहरा ने पुलिस, एसएमएस हॉस्पिटल, नगर निगम, जयपुर विद्युत वितरण निगम, पीएचईडी आदि आवश्यक सेवाओं वाले विभागों को निर्देश जारी किए।
शहर के कुछ चिह्नित पुलिस स्टेशनों पर 13 नवंबर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खड़ी करने के दिए निर्देश
जिला प्रशासन से मिली रिपोर्ट के मुताबिक रामगंज, माणकचैक, कोतवाली, शास्त्रीनगर, आदर्श नगर, पुलिस नियंत्रण कक्ष, यादगार, विद्याधर नगर, आदर्श नगर, वैशाली नगर, मानसरोवर, मालवीय नगर, आमेर, सांगानेर थाने में अग्निशमन वाहनों को पूरी तैयारी के साथ तैनात करने के निर्देश दिए है। दीपावली पर अति ज्वलनशील एलपीजी के आईओसीएल बॉटलिंग प्लांट सीतापुरा और बीपीसीएल के बॉटलिंग प्लांट वीकेआई रोड नंबर 14, सीकर रोड पर प्लांट के 500 मीटर रेडियस जोन में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

सफाई और रोशनी सुधारने के साथ ही चारदीवारी के दरवाजे और सर्किलों को सजाएगा निगम
नगर निगम को शहर के सभी बाजारों की सफाई व्यवस्था, पर्याप्त सफाई कर्मियों की उपलब्धता, सभी स्थानों से कूड़े के ढेर उठाने, रोशनी की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, चौपड़ों और सर्किलों पर अव्यवस्थित फव्वारों को चालू करने, आमेर के मावठा, केसर क्यारी और शहर के प्रमुख द्वारों, इमारतों पर रोशनी और सजावट सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही अग्निशमन वाहन मय आवश्यक उपकरण और स्टॉफ उपलब्ध रहेगा।
राउंड द क्लॉक काम करेगा कंट्रोल रूम

जयपुर कलेक्ट्रेट में स्थापित किया गया कंट्रोल रूम 13 से 16 नवंबर तक एक्टिव मोड पर रहेगा। सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार की ड्यूटी लगाई है। कंट्रोल रूम में 14 अधिकारियों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी रहेगी जो एडीएम उत्तर, दक्षिण और पूर्व के निर्देशन में कार्यवाही सम्पादित करेंगे। कंट्रोल रूम (0141-2204475, 2204476) राउंड द क्लॉक काम करता रहेगा



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जयपुर कलेक्ट्रेट में स्थापित किया गया कंट्रोल रूम 13 से 16 नवंबर तक एक्टिव मोड पर रहेगा


टिप्पणियाँ