आधार सीडिंग के कार्य में उचित मूल्य दुकानदार तथा ई-मित्र संचालक मुख्य भूमिका निभाएंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थी स्वयं अथवा उचित मूल्य दुकानदारों की सहायता से गांव मे स्थित या नजदीकी ई-मित्र के माध्यम से अपने आधार कार्ड की जानकारी देकर राशनकार्ड में आधार कार्ड सीडिंग निःशुल्क करवा सकते है। आधार सीडिंग कार्य के लिए उचित मूल्य दुकानदारों तथा ई-मित्र संचालकों को विभाग द्वारा प्रत्येक लाभार्थी की प्रविष्टि के लिए 1-1 रुपए का भुगतान किया जाएगा।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आधार सीडिंग के बाद वन नेशन वन राशनकार्ड योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। यदि किसी परिवार का कोई भी सदस्य जिले से बाहर मजदूरी अथवा शिक्षा के लिए माईग्रेट करता है तो वहां पर भी उचित मूल्य की दुकान से राशन सामग्री प्राप्त कर सकेगा। वन नेशन वन राशनकार्ड योजना का लाभ उठाने के लिए आधार सीडिंग का कार्य करवाया जा रहा है जो प्रदेश मे लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, शेष लाभार्थियों को आधार सीडिंग से जोडने के लिए 25 नवम्बर तक कराई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि आधार प्रविष्टि से बचे हुए लाभार्थियों की सूची खाद्य विभाग के द्वारा भिजवाई जा चुकी है जिससे उनके लिए कार्य योजना बनाया जाना आसान होगा। आधार सीडिंग कार्य की खाद्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जायेगी एवं आधार सीडिंग कार्य मे सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के द्वारा तकनीकी मदद प्रदान की जायेगी।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार राशनकार्ड में दर्ज परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड को राशनकार्ड में जोड़ा जाना है।
इसके बाद ही वह सदस्य नेशनल पोर्टेबिलिटी व खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सभी खाद्य सुरक्षा पात्र उपभोक्ता से अपील की है कि यदि उनके राशनकार्ड में किसी भी सदस्य का आधार कार्ड सीड नहीं है तो स्वयं या उचित मूल्य दुकानदार के माध्यम से अपने नजदीकी ई-मित्र पर जाकर अनिवार्य रूप से 25 नवम्बर तक राशनकार्ड में आधार कार्ड सीडिंग कराए अन्यथा वह सदस्य नेशनल पोर्टेबिलिटी व खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह सकता है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की वन नेशन वन राशनकार्ड योजना के तहत् राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की आधार सीडिंग का कार्य अभियान के तौर पर किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ