कार चालक ने महिला कांस्टेबल को टक्कर मारी, आंख व घुटने पर लगी चोट, चालक फरार

नई सड़क पर एक कार चालक ड्यूटी कर रहीं एक महिला कांस्टेबल को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। महिला कांस्टेबल ने जब कार चालक को दूर से रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार की स्पीड तेज कर दी। ऐसे में जब महिला कांस्टेबल के नजदीक पहुंचा तो टक्कर मारते हुए भाग निकला। इससे महिला कांस्टेबल रेखा उछल कर गिर पड़ी। उसकी आंख के नीचे व घुटने में चोट लगी और वो जख्मी हो गई। मामले को लेकर महिला कांस्टेबल रेखा की ओर से उदयमंदिर थाने में राजकार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दी गई।


उदयमंदिर थाने के एसआई नरेंद्रसिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल रेखा नई सड़क पर ड्यूटी कर रहीं थीं। तभी गुजरात नंबर की एक कार घंटाघर से आती दिखी। इस पर रेखा ने कार चालक को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार चालक गाड़ी दौड़ाने लगा। जैसे ही वो नजदीक पहुंचा तो टक्कर मारते हुए महिला कांस्टेबल को उछाल दिया और मोहनपुरा पुलिए की ओर तेज रफ्तार से भाग निकला। महिला कांस्टेबल उछल कर गिर पड़ी। उसकी आंख के नीचे व घुटने में चोट लगी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ