दीपावली पूजन के बाद दीपक जलता हुआ छोड़ गए, रात भर सुलगी आग ने सुबह रौद्र रूप धारण किया

दीपावली की देर रात यहां गारमेंट्स की एक दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यहां केईएम रोड स्थित सहल मार्केट में सेकंड फ्लोर पर 55 नम्बर दुकान एनआर फैशन्स में गारमेंट्स का सामान रखा था। यहां दीपावली पर शनिवार रात को पूजन किया गया था। पूजन के बाद दीपक को जलता हुआ छोड़ गए थे, जिसने बादमें आग का रूप ले लिया। दुकान से रविवार सुबह आग की लपटें दिखाई दी। आसपास के लोगों ने इस आशय की सूचना दुकान मालिक व फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। देर रात से चल रही यह आग पूरे दुकान को अपनी गिरफ्त में ले चुकी थी। इक्का दुक्का सामान को छोडक़र सभी कपड़े जलकर राख हो गए।

दीपावली के दीपक से आग?
आग का प्रमुख कारण दीपक ही माना जा रहा है, वहीं शॉर्ट सर्किट होने की भी आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान मालिक दीपावली की पूजा के बाद जलता हुआ दीपक छोड़ गए थे। इसी कारण किसी चिंगारी ने कपड़ों में आग पकड़ ली। रातभर यह आग अंदर ही अंदर सुलगती रही और सुबह तेज हो गई।

आग के कारण दुकान में धुएं से अंधेरा हो गया, टॉर्च की रोशनी से बची हुई आग को बुझाया गया

हर बार लगती है आग
बीकानेर के केईएम रोड क्षेत्र में दीपावली के दिन या उसके आसपास लगभग हर साल आग लगने की घटना होती है। आमतौर पर यहां पटाखों की दुकानों में आग लगती है क्योंकि बड़ी संख्या में दुकानें इसी मार्केट में लगती है। इस बार पटाखों की दुकानें बंद थी तो गारमेंट्स की दुकान में आग लग गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सहल पैलेस के आगे खड़े अग्निशमन वाहन


टिप्पणियाँ