बीकानेर में कोरोना वैक्सीन के लिए चिकित्सा विभाग की सूची तैयार, मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट, चिकित्सकों के साथ नर्सिंगकर्मी और अन्य स्टॉफ का भी नाम शामिल
दुनियाभर में बन रही कोरोना वैक्सीन को लगाने का काम कब शुरू होगा, यह तो अभी भविष्य के गर्त में है लेकिन राजस्थान के चिकित्सा विभाग ने इस दिशा में अपना काम तेज कर दिया है। वैक्सीनेशन के लिए माइक्रो लेवल पर वर्किंग करते हुए चिकित्सा विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों से चिकित्सकों, नर्सिंग कर्मचारियों सहित सहायक कर्मचारियों तक की सूची मांग ली है।
बीकानेर के सीएचएचओ डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि बीकानेर से करीब दो हजार चिकित्सकों की सूची राज्य सरकार को भेजी गई है। इसके अलावा सभी नर्सिंग कर्मचारी, तकनीकी कर्मचारी, लिपिक, सहायक कर्मचारियों की सूची दी गई है। जो कार्मिक सीधे रोगियों के सम्पर्क में आ रहे हैं, उनकी सूची डिस्पेंसरी के नाम सहित भेजी गई है। जब भी वेक्सीनेशन होगा, तब इनका प्राथमिकता दी जायेगी। मीणा ने बताया कि न सिर्फ सरकारी बल्कि निजी चिकित्सालयों में काम करने वाले चिकित्सकों व अन्य स्टॉफ की सूची भी तैयार की गई है। यह सूची चिकित्सा विभाग के निदेशक को भेजी गई है।
यह भी रहे हैं कोरोना वॉरियर्स
वैक्सीनेशन के लिए चिकित्सा विभाग की सूची तो तैयार हो गई लेकिन जिन अन्य महकमों ने कोरोना काल में दिनरात काम किया है, उनको फिलहाल प्राथमिकता नहीं मिलने वाली। इसमें सबसे आगे पुलिस महकमा है, जो सीधे जनता के सम्पर्क में है। कोरोना काल में भी पुलिस विभाग ही कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों में, लॉकडाउन क्षेत्र में तैनात थे। इसके अलावा आला सरकारी अधिकारियों को भी सीधे जनता के सम्पर्क में रहना पड़ता है। माना जा रहा है कि बाकी विभागों की सूची भी अलग से तैयार की जायेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ