कृषि की पढ़ाई करने वाली बेटियों को ऑनलाइन मिलेगी प्रोत्साहन राशि

यह किसान वर्ग के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में बालिका शिक्षा और महिला किसानों का खेती में रुझान बढ़ाने के लिए कृषि विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत प्रदेश में पहली बार कृषि संकाय विषय को लेकर पढ़ाई करने वाली बेटियों को इस बार ऑनलाइन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उपनिदेशक कृषि विस्तार रमेशचंद जैन ने बताया कि इसके लिए राज किसान पोर्टल पर कृषि संकाय वाले राजकीय एवं मान्यता प्राप्त स्कूल कॉलेजों को अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। अध्ययनरत छात्राओं को अपनी मार्कशीट और राजस्थान का मूल निवासी होने का सर्टिफिकेट अपलोड करना होगा। छात्रा जिस कक्षा में पढ़ रही है, उसके लिए संस्था की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाना होगा। गौरतलब है कि कृषि विभाग ने पहली बार प्रोत्साहन राशि के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं, जबकि हर साल ऑफलाइन आवेदन ही लिए जाते हैं। जिले में वह वर्ष 2014-15 में 174, वर्ष 2015-16 में 160, वर्ष 2016-17 में 243, वर्ष 2017-18 में 331, वर्ष 2018- 19 में 284 और वर्ष 2019-20 में 197 बेटियों को को पांच -पांच हजार रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।

संस्थाप्रधान को देना होगा ऑनलाइन प्रमाण पत्र: राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करने के बाद स्कूल और कॉलेज को छात्रा के फॉर्म का भौतिक सत्यापन करना होगा। इसके बाद इस फार्म को उपनिदेशक कृषि विस्तार जिला परिषद बूंदी को भेजा जाएगा। इस दौरान संस्था प्रधान को यह प्रमाण पत्र देना होगा कि यह छात्रा किस कक्षा में अध्ययनरत है और छात्रा की ओर से इसी कक्षा में पुन: प्रवेश नहीं लिया गया है। साथ ही छात्र अनुत्तीर्ण भी नहीं हुई है। इस आशय का प्रमाण पत्र संस्था की ओर से ऑनलाइन जारी करना होगा।
यह है प्रोत्साहन राशि: कृषि विषय को लेकर अध्ययन करने वाली 11वीं और 12वीं की छात्राओं को हर साल प्रत्येक को 5000 और कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं को साल में एक बार 12000 रुपए चार साल तक के लिए मिलेंगे। पीजी करने पर हर साल 15000 रुपए दो वर्ष तक मिलेंगे।

कृषि संकाय की पढ़ाई करने वाली बेटियों को इस वर्ष ऑनलाइन प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके लिए बेटियों को विभाग के राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
-रमेशचंद जैन, उपनिदेशक, कृषि विस्तार



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ