मूंदरा से पानीपत जा रही आइओसीएल की क्रूड ऑयल पाइप लाइन में जामडाेली के पास बदमाशाें ने करीब पांच साल पहले सुरंग बनाकर वाल्व लगा एक इंच की पाइप लाइन अटैच कर दी मगर क्रूड चाेरी नहीं कर पाए। आईओसीएल के सांगानेर स्थित अधिकारियाें ने गुरुवार काे विशेष उपकरण से पूरी लाइन की जांच की ताे जामडाेली में मुख्य लाइन में छाेटी लाइन के कनेक्ट हाेने की जानकारी मिली।
इसके बाद शनिवार काे अधिकारियाें ने चिन्हित जगह पर खुदाई करवाई। जिसमें सुरंग मिली। इस सुरंग में एक इंच की पाइप लाइन करीब छह मीटर तक बिछी थी और मुख्य लाइन से अटैच थी। लाइन से छह मीटर दूर एक मकान की नींव के नीचे तक लाइन डली थी।
ऐसे में आईओसीएल के अधिकारियाें का मानना है कि जब लाइन डली थी तब क्रूड ऑयल चाेरी करने वाले बदमाशाें ने लाइन में सेंधमारी कर वाल्व ताे लगा दिया मगर चाेरी नहीं कर पाए। बाद में यहां मकान बन गया गया और पाइप लाइन का अंतिम छाेर मकान की नींव के नीचे दब गया।
सुरंग में आसानी से रेंगकर मुख्य लाइन जा सकता है एक आदमी
माैके पर पहुंचे आईओसीएल के अधिकारी एस के दास ने बताया कि हाल ही में आए नए उपकरण से लाइन में कनेक्ट हाेने वाली किसी भी चीज का पता चल जाता है। इस उपकरण की मदद से हम लाइन की पूरी जांच कर रहे थे। गुरुवार काे जामडाेली के पास पाइप के कनेक्ट हाेने का पता चला। जिस पर शुक्रवार काे चिन्हित जगह पर खुदाई करवाई ताे करीब सात फीट नीचे तीन फीट चाैड़ी सुरंग बनी मिली।
इसमें एक व्यक्ति आसानी से रेंगकर मुख्य लाइन तक जा सकता है। क्रूड ऑयल की पाइप लाइन में एक इंच की लाइन कनेक्ट मिली और वाल्व लगा था जाे चालू स्थिति में था। यह लाइन करीब छह मीटर दूरी तक बिछी थी। जिसका अंतिम प्वाइंट एक मकान की नींव के नीचे तक था। जिस पर लगा वाल्व बंद था। ऐसे में माना जा रहा है कि क्रूड ऑयल लाइन से केवल पाइप कनेक्ट ही कर पाए मगर चाेरी नहीं हाे सकी। धीरे धीरे आबादी बसने से वाल्व मुख्य लाइन से कनेक्ट ही रह गया।
3 साल पहले बना राधे सैन का मकान
जिस मकान की नींव के नीचे तक लाइन बिछी मिली उसमें राधे सैन रहता है। राधे ने बताया कि करीब दाे तीन साल पहले मकान बनाया था। तब से लेकर आज तक यहां काेई नहीं आया। उन्हें भी पता नहीं कि उनकी मकान की नींव के नीचे पाइप लाइन डली हुई है। शायद पहले लाइन डाली गई थी तब ही सुरंग बनाकर कनेक्ट कर लिया था। आसपास रहने वाले लाेगाें ने बताया कि यहां न ताे कभी टैंकर आकर रूके और न ही कभी संदिग्ध लाेग इस जगह पर दिखाई दिए। आईओसीएल के अधिकारी देर शाम तक लाइन काे डिसकनेक्ट करने में लगे हुए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ