प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर आने की चेतावनी दी जा रही है। श्रीगंगानगर में पॉजिटिविटी रेट सबसे ज्यादा और रिकवरी कम आ रही है। फिर भी सैंपलिंग के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। सोमवार को सीएमएचओ कार्यालय परिसर में लोगों को सैंपलिंग के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। दोपहर 3:30 बजे बड़ी संख्या में लाेग सैंपल देने के लिए इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान पीपीई किट उतारकर जमीन पर रखते हुए सैंपल लेने से इनकार कर दिया। तब लोगों ने पहले सीएमएचओ कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम और फिर सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा को बार-बार फोन कर सैंपल लेने के लिए कहा लेकिन रिस्पांस नहीं मिला। तब लोगों ने सैंपल कलेक्शन सेंटर पर ही विरोध जताया तो सैंपल लेने के लिए दूसरी टीम भेजी गई।
जहां सैंपल लिए जाते हैं वहां रहती है भीड़, नहीं होती फिजिकल डिस्टेंसिंग की पालना
इंदिरा कॉलोनी निवासी निवासी अरविंद भाटिया के अनुसार उनके भाई की कोरोना के लक्षणों की वजह से माैत हो गई थी। इसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें पांच दिन बाद सैंपल करवाने को कहा था। तब उन्होंने 11 नवंबर को सैंपल करवाया तो उसकी रिपोर्ट स्पष्ट नहीं आई और दोबारा सैंपलिंग करवाने को कहा गया। सोमवार को वे दोबारा सैंपलिंग के लिए आए। सुबह 11:45 बजे सीएमएचओ कार्यालय में फाॅर्म भरवाने के बाद उन्हें पौने दाे बजे आने को कहा गया। वे दोपहर 1:45 बजे सैंपल के लिए पहुंच गए।
वहां काफी लोग सैंपल देने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने उन्हें कहा कि आप कल आना। इसी दौरान एलटी ने पीपीई किट उतारकर जमीन पर रखी और कहा कि अब सैंपल नहीं लिए जाएंगे। तब लोगों ने शोर मचाया। उन्होंने पहले सीएमएचओ कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर पर और फिर सीएमएचओ कार्यालय कॉल की तो रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने जब विरोध जताया तो टीम ने कॉल कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया कि लोग विरोध कर रहे हैं।
तब थोड़ी देर बाद पहुंची टीम ने सैंपल शुरू किए। इसी दौरान श्रमिक नेता महेंद्र बागड़ी व कुछ पार्षद भी मौके पर पहुंच गए थे। इन्होंने भी विरोध जताया। दूसरी तरफ लीला धर्मशाला सैंपल कलेक्शन सेंटर पर भी फिजिकल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। यहां सैंपल देने पहुंचे पारीक सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष पारीक के अनुसार धर्मशाला में जिस कमरे में सैंपल लिए जाते हैं, वहां काफी भीड़ रहती है। फिजिकल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं हो पाती। सैंपल के लिए लंबा समय भीड़ के बीच इंतजार करते हुए इंतजार करना पड़ता है। इससे एक से दूसरे व्यक्ति के संक्रमित होने की आशंका ज्यादा रहती है।
व्यवस्था में सुधार किया जाएगा
मेरे पास भी किसी ने कॉल पर बताया कि सीएमएचओ कार्यालय में सैंपल लेने में देरी हो रही है। कुछ टेक्निकल इश्यू था। शाम को सैंपल लेने के लिए दूसरी टीम भेज दी थी। अगले दिनों में व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
डॉॅ. गिरधारी लाल मेहरड़ा, सीएमएचओ, श्रीगंगानगर।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ