बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग सीज

काेराेनाकाल में बच्चाें की जान जाेखिम में डालकर काेचिंग चलाने के भास्कर के खुलासे के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम दक्षिण की टीम ने मंगलवार को सरदारपुरा स्थित कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग सीज कर ली। निगम टीम ने यहां पर नोटिस चस्पा करने के बाद ताले पर सील लगाई है।

भवन मालिक के खिलाफ भी महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही हैं। नवजीवन अस्पताल के सामने वाली गली में एसीसी यानी एकेडमी फॉर कॉर्पोरेट कॅरियर किराए पर बिल्डिंग में चल रही थी। भास्कर ने ‘कोचिंग में बच्चों की जान दांव पर, कोरोना दे रहे शिक्षक’ शीर्षक से इसे एक्सपोज किया था। भास्कर की सूचना पर सरदारपुरा पुलिस ने हाथों हाथ ही संचालक को गिरफ्तार कर लिया था।

उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया। कलेक्टर इंद्रजीतसिंह ने बताया कि कोरोना काल में रोक के बावजूद इस तरह की गतिविधियां जहां भी संचालित होगी, उनके खिलाफ सीधे ही कार्रवाई की जाएगी। शादियों के सीजन में भी नियम की पालना नहीं करने वाले आयोजक और भवन मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए फ्लाइंग स्क्वायड के साथ पुलिस और टीमें नजर रखेंगी। इस बारे में किसी तरह की कोई सूचना होने पर कोविड कंट्रोल रूम 0291-2555560 में सीधे ही जानकारी दी जा सकती है।

सावधान हो जाएं! कोचिंग सेंटर और मैरिज गार्डन वाले
जोधपुर में शादियों के सीजन में जमकर आयोजन होने जा रहे हैं। खासकर बुधवार को बड़ा सावा होने से विवाह ज्यादा होने वाले है। शादी के आयोजन के लिए दोनों ही पक्षों के अधिकतम 100 मेहमानों के साथ वीडियोग्राफी को अनिवार्य किया गया है। साथ ही इसकी अनुमति लेनी जरूरी है। अब सरकारी मशीनरी ऐसी शादियों पर सीधे ही कार्रवाई करेगी, जहां अनुमति से ज्यादा मेहमान हैं अनुमति भी नहीं ली गई। ऐसे में आयोजक के खिलाफ महामारी एक्ट में कार्रवाई होगी।

इसके साथ ही भवन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। साथ ही भवन को सीज किया जाएगा। दूसरी ओर चोरी छिपे कोचिंग सेंटर चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने लोगों से ऐसी गतिविधियां संचालित होने की जानकारी कोविड कंट्रोल रूम को देने के लिए कहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Building seas of coaching centers that endanger the lives of children


टिप्पणियाँ