भरतराज मर्डर के आरोपियों को पेशी पर लाते समय पुलिस की जीप हुई खराब, दो किमी ले गए पैदल

जमीन विवाद के चलते कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में गत दिनों सकतपुरा में एक दर्जन से अधिक बदमाशों द्वारा धारदार हथियारों से हमला कर की गई भरतराज वाल्मीकि की हत्या के आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। इससे पहले आरोपियों को अदालत ले जाते समय पुलिस की जीप खराब हो गई। ऐसे में पुलिस को सभी छह आरोपियों को पैदल ही पूरी सुरक्षा के बीच अदालत ले जाना पड़ा। जहां पर मजिस्ट्रेट ने आरोपिरयों को दो दिन की अवधि के लिए और पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

साथ ही एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर अनिल को हथकड़ी लगाने की अनुमति दी है। पुलिस अब आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में चालान पेश करेगी। पुलिस ने बताया कि आरकेपुरम थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी भरतराज हरिजन ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर कुन्हाड़ी सकतपुरा काली बस्ती में 4 बीघा जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर यहां रहने वाले अनिल वाल्मीकि व कमलेश ने उन्हें जमीन से कब्जा छोड़ने व जान से मारने की धमकी दे रखी थी।

जिसकी रिपोर्ट भरतराज ने कुन्हाड़ी थाने में दर्ज करवाई थी। इस दौरान कुन्हाड़ी थाना पुलिस द्वारा आपसे समझाइश कर मामले को शांत करवाया गया था। भारत वाल्मीकि 18 नवंबर को अपने साथियों दीपक भूमलिया, नरेश प्रजापत सहित तीन चार दोस्तों के साथ जमीन की साफ-सफाई को लेकर काली बस्ती पहुंचा था। जहां पर आरोपी अनिल वाल्मीकि अपने एक दर्जन साथियों हरी, विठ्ठल, अर्जुन जग्गू आदि ने भरतराज वाल्मीकि पर लाठियों, गंडासा तथा तलवार से हमला कर घायल कर दिया।

जिसकी एमबीएस अस्पताल में माैत हाे गई। उन्होंने बताया कि मामले में फरार आरोपी अनिल कुमार (33) पुत्र रामभरोस वाल्मीकि, करण उर्फ कालू (19) पुत्र पप्पू लाल वाल्मीकि, रोहित उर्फ झब्बू (22) पुत्र दौलतराम बाल्मीकि निवासी कालीबस्ती कुन्हाड़ी, सुमित (24) पुत्र रघुवीर वाल्मीकि, अर्जुन (18) पुत्र गोपाल वाल्मीकि, रवि (19) पुत्र पप्पू बाल्मीकि निवासी काली बस्ती कुन्हाड़ी को गिरफ्तार किया गया।

नयापुरा चौराहे के पास हो गई थी जीप खराब, सड़क पर दिखा पुलिस लवाजमा

कुन्हाड़ी पुलिस ने जमीनी विवाद में युवक की हत्या के 6 गिरफ्तार आरोपियों को गुरूवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पेशी पर ले जाते समय पुलिस की गाड़ी नयापुरा चौराहे के पास आकर खराब हो गई। जिसके बाद पुलिस नीचे उतरी और आरोपियों को पैदल ही कोर्ट ले गई। आरोपियों को इस तरह ले जाते देख एकाएक लोगों में काैतुहल का विषय बन गया।

इधर, कोर्ट ने आरोपियों को 28 अक्टूंबर तक के रिमांड पर पुलिस को सौंपा हैं। सीआई गंगासहाय शर्मा ने बताया कि पिछले सप्ताह जमीनी विवाद में भरतराज वाल्मीकि को बदमाशों ने पीटा और हाथ-पैर तोड़ दिए। जिसने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामले में अनिल कुमार, करण उर्फ कालू, रोहित उर्फ झब्बू, सुमित, अर्जुन व रवि को गिरफ्तार किया था।

जबकि वारदात में शामिल दो बाल अपचारियों को निरूद्ध करवाया था। शर्मा का कहना है कि पुलिस उक्त 6 आरोपियों को गाड़ी में लेकर गुरुवार को कोर्ट जा रही थी, रास्ते में गाड़ी खराब हो गई तो पैदल ही लेकर गए।

सुरक्षा के बीच आरोपी न्यायालय में पेश

युवक भरतराज वाल्मीकि की हत्या के आरोपियों को रिमांड अवधि समाप्त होने पर आज न्यायालय में पुलिस उप अधीक्षक वृत तृतीय रामकल्याण मीणा व कुन्हाड़ी थाना प्रभारी गंगासहाय शर्मा के नेतृत्व में तीन थानों के थाना प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस बल के मध्य सभी 6 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर सौंपा।

अनिल पर दर्ज हैं कई थानों में 15 मुकदमे

न्यायालय में पुलिस की ओर से आरोपी अनिल बाल्मीकि के खिलाफ पेश किए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि आरोपी अनिल पर 15 गंभीर प्रकृति के मुकदमे दर्ज हैं, जाे शातिर बदमाश है इसलिए उसे हथकड़ी लगाने की अनुमति दी जाए। न्यायालय ने पुलिस के प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर आरोपी अनिल बाल्मीकि को हथकड़ी लगाने के आदेश प्रदान किए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुलजिम को पैदल ले जाती पुलिस।


टिप्पणियाँ