दूसरे चरण का नैनवां में मतदान कल, आज बूथाें पर पहुंच जाएंगी पाेलिंग पार्टियां

जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2020 के द्वितीय चरण में 27 नवंबर को नैनवां पंचायत समिति में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा। इनमें पंचायत समिति के 19 सदस्यों और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए वार्ड संख्या 17,18,19,20 एवं वार्ड 21 (आंशिक) के निर्वाचन के लिए मतदान होगा।

पाेलिंग पार्टियां गुरुवार को सीनियर सैकंडरी स्कूल परिसर से रवाना हाेकर शाम तक बूथाें पर पहुंच जाएंगी। द्वितीय चरण में नैनवां पंचायत समिति में मतदान के लिए 179 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 1 लाख 31 हजार 420 मतदाता मतदान करेंगे। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए 11 जोनल एवं 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष गुप्ता ने बताया कि नैनवां पंचायत समिति में मतदान के लिए नियुक्त पाेलिंग पार्टियाें के कार्मिकों को सीनियर सैकंडरी स्कूल परिसर में गुरुवार को द्वितीय एवं अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा और बूथाें के लिए रवाना किया जाएगा। नैनवां पंचायत समिति में 27 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए सुबह 7.30 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे तक मतदान केंद्र परिसर में आने वाले वाेटर मतदान कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि मतदान के दौरान मतदान कर्मियों के साथ ही मतदाताओं को भी कोरोना गाइडलाइन की पालना करनी होगी। मतदान केंद्र पर आने वाले मतदाताओं को मास्क पहनकर आना होगा। साथ ही मतदान केंद्र में सोशल डिस्टेसिंग की पूरी पालना करते हुए सुरक्षित तरीके से मतदान करें। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर हाथ सेनेटाइज करने की व्यवस्था भी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराए जाएं। इस दौरान उन्होंने जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, ब्लाक स्तरीय अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से मतदान व्यवस्था को लेकर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

रहेगा सार्वजनिक अवकाश
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष गुप्ता ने मतदान दिवस 27 नवंबर को पंचायत समिति नैनवां के संपूर्ण क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

बूथाें का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नैनवां पंचायत समिति क्षेत्र के पीपल्या, जैतपुर, देई अाैर जजावर के मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों और सुरक्षित मतदान के लिए व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम श्योराम भी साथ रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
नैनवां. पंचायत समिति सभागार में मतदान की व्यवस्थागत बैठक लेते जिला कलेक्टर।


टिप्पणियाँ